बहजोई (संभल)। कलक्ट्रेट सभागार में शुक्रवार को हुई उद्योग बंधु- व्यापार मंडल की बैठक में चंदौसी में नालों की तली झाड़ सफाई और जर्जर सड़कों की मरम्मत का मुद्दा गूंजा। व्यापारियों ने जल्द ही नालों की सफाई और सड़कों की मरम्मत कराने की मांग की।
शुक्रवार को हुई बैठक में व्यापारियों ने बहजोई में काली मंदिर रोड, संभल रोड व स्टेशन रोड की सड़क को बनाने का मुद्दा उठाया। साथ ही चंदौसी में अतिक्रमण हटाओ अभियान के तहत सरकारी दुकानों के ध्वस्त होने पर दुकानदारों को स्थापित करने और स्टेशन रोड समेत अन्य मुख्य मार्गों पर ठेले-खोमचे वालों से होने वाले अतिक्रमण व जाम की समस्या से निजात दिलाए जाने मांग उठाई।
वहीं, व्यापारियों की ओर से संभल में सराय तरीन के पास पुलिस चौकी से मंगलपुरा तक सड़क पर अतिक्रमण हटाने व चंदौसी में स्टेट बैंक के सामने सरकारी भवन के जीर्ण शीर्ण होने की समस्या को रखा गया। बैठक में फूल प्रकाश, कमल कौशल वार्ष्णेय, प्रेम ग्रोवर व अरविंद कुमार गुप्ता रहे।