जुनावई (संभल)। गांव लहरा नगला श्याम में सोमवार को खेत की जुताई करते समय ट्रैक्टर पलट गया। हादसे में किसान राजकुमार (32) की मौत हो गई। परिजनों ने बिना किसी कार्रवाई के शव का अंतिम संस्कार कर दिया है।
जुनावई थाना क्षेत्र के गांव लहरा नगला श्याम निवासी राजकुमार खेती कर परिवार का पालन पोषण करता था। परिजनों ने बताया कि सोमवार की दोपहर राजकुमार खेत पर समतल करने के लिए ट्रैक्टर से जुताई कर रहा था। मां भूरी देवी, भाई रूप किशोर और साझेदार निरोत्तम भी खेत पर मौजूद थे। परिजनों ने बताया कि अचानक से ट्रैक्टर पलट गया। जिससे ट्रैक्टर चला रहा राजकुमार ट्रैक्टर के नीचे दब गया। परिजन उसे बचाने के लिए दौड़े। शोर सुनकर आसपास खेतों में काम कर रहे लोग भी आ गए और राजकुमार को ट्रैक्टर के नीचे से निकाला। लेकिन उससे पहले ही उसकी मौत हो चुकी थी। घटना से परिवार में चीख पुकार मच गई। बिना पोस्टमार्टम कराए परिजनों ने शव का अंतिम संस्कार कर दिया। परिजनों के अनुसार राजकुमार अपने पीछे छोटे छोटे तीन बच्चों को छोड़ गया है। उसकी मौत से मां भूरी देवी और पत्नी छोटी देवी का रो-रोकर बुरा हाल है।