बबराला (संभल)। राजघाट गंगा घाट पर स्नान करने के दौरान तीन युवक डूब गए। जिसमें एक युवक तो बाहर निकल आया लेकिन दो युवक डूबने लगे। जिन्हें घाट पर तैनात तैराकों ने बाहर निकाला और हालत गंभीर होने पर अस्पताल भर्ती कराया। जहां एक युवक की मौत हो गई। जबकि दूसरे की हालत में सुधार है।
सोमवार को राजघाट स्थित गंगा घाट पर कैलादेेवी थाना क्षेत्र के मिलक साकिन शोभापुर गांव निवासी रामकेश यादव (20) पुत्र साहब सिंह, राजू पुत्र सौदान सिंह यादव और काली चरन सिंह पुत्र रामेश्वर यादव गंगा स्नान करने के लिए गए थे। इसी दौरान नाव में बैठकर घूम रहे थे। नाव के किनारे आने पर यह तीनों लोग पानी में उतर गए। इसी दौरान तीनों लोग गहरे पानी में पहुंच गए। राजू तो किसी तरह निकल आया, लेकिन रामकेश यादव और काली चरन सिंह डूबने लगे। जिन्हें घाट पर मौजूद तैराकों ने बाहर निकाला। हालत गंभीर होने पर एंबुलेंस की सहायता से गुन्नौर सीएचसी भर्ती कराया गया, जहां से चिकित्सकों ने रेफर कर दिया। संभल के निजी अस्पताल ले गए। जहां चिकित्सकों ने रामकेश यादव को मृत घोषित कर दिया। जबकि काली चरन की हालत में सुधार बताया। सूचना पर गुन्नौर पहुंचे परिजनों में कोहराम मच गया। परिजन शव लेकर गांव लौट आए। देर रात तक शव का अंतिम संस्कार नहीं किया गया था।