संभल। त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव की तैयारियों के तहत अब 14 अगस्त के बजाय 19 अगस्त से बीएलओ (बूथ लेवल अधिकारी) घर-घर जाकर मतदाता सूची संशोधन का कार्य करेंगे। राज्य निर्वाचन आयोग द्वारा संशोधित कार्यक्रम के अनुसार यह अभियान 30 सितंबर तक चलेगा। बीएलओ न केवल नए मतदाताओं का पंजीकरण करेंगे, बल्कि मृतक व अन्यत्र स्थानांतरित मतदाताओं के नाम भी सूची से हटाएंगे। जिले के 670 ग्राम पंचायतों में पुनरीक्षण का काम करने के लिए जल्द ही बीएलओ का चयन होगा। बीएलओ 19 अगस्त से घर-घर पहुंचकर नए वोटर बनाएंगे। साथ ही, इनके के कार्यों पर नजर रखने की जिम्मेदारी पर्यवेक्षकों को सौंपी जाएगी। संशोधित कार्यक्रम के मुताबिक, बीएलओ को 18 अगस्त तक क्षेत्र आवंटन किया जाएगा। पहले बीएलओ को 13 अगस्त से घर-घर जाकर नए वोटरों को जोड़ने के लिए फार्म भरना था लेकिन अब यह काम 19 अगस्त से शुरू होगा। ऑनलाइन आवेदन की प्रक्रिया भी 19 अगस्त से शुरू होगी।
मतदाता सूची के पुनरीक्षण में सबसे बड़ी जिम्मेदारी बीएलओ की होती है। बीएलओ के चयन की प्रक्रिया पूरी होते ही क्षेत्र आवंटन होगा। सभी एसडीएम को तय तारीख तक बीएलओ को क्षेत्र आवंटन करके 19 अगस्त से सूची के पुनरीक्षण का काम शुरू कराने के आदेश दिए गए हैं। वहीं, संभल तहसील में मंगलवार को पंचायत निर्वाचन से जुड़ी सामग्री पहुंच गई। तहसीलदार धीरेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि इसे संभालकर रखवाया गया है। जल्द ही यह बीएलओ को वितरित की जाएगी।
00000
एक नजर में मतदाता सूची के पुनरीक्षण का कार्यक्रम
18 जुलाई से 18 अगस्त तक बीएलओ को कार्यक्षेत्र का आवंटन।
19 अगस्त से 29 सितंबर तक वोटरों का घर-घर पहुंचकर सर्वे।
19 अगस्त से 22 सितंबर तक ऑनलाइन आवेदन।
23 सितंबर से 29 सितंबर तक ऑनलाइन आवेदनों की घर जाकर जांच।
30 सितंबर से 24 नवंबर तक वोटर लिस्ट की डिजिटल कॉपी तैयार करना।
25 नवंबर से 04 दिसंबर तक बूथों की नंबरिंग, मैपिंग।
05 दिसंबर को अनंतिम सूची के आलेख का प्रकाशन।
06 से 12 दिसंबर तक दावे व आपत्तियां प्राप्त करना।
13 से 19 दिसंबर तक दावों व आपत्तियों का समाधान।
15 जनवरी 2026 को फाइनल वोटर लिस्ट का प्रकाशन।
000
18 वर्ष या उससे अधिक आयु के सभी पात्र नागरिकों का शत-प्रतिशत पंजीकरण कराया जाना है। इसके लिए ऑनलाइन पोर्टल https://voters.eci.gov.in और वोटर हेल्पलाइन एप का प्रचार-प्रसार किया जाएगा, जिससे पात्र नागरिक खुद भी पंजीकरण करा सकें। अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि मतदाता सूची में किसी भी प्रकार की त्रुटि न रहे। पंचायत चुनाव को निष्पक्ष और पारदर्शी तरीके से कराने के लिए यह संशोधन अभियान अहम भूमिका निभाएगा।
डॉ. राजेंद्र पैंसिया, जिला निर्वाचन अधिकारी/डीएम संभल