संभल। बहजोई थाना क्षेत्र के गांव शंकरपुर में रविवार की देर रात बदमाशों ने एक ग्रामीण के सिर में ईंट मार दी। ग्रामीणों ने पीछा किया तो बदमाश फायरिंग कर भाग गए। दो घरों में चोरी की घटना को भी अंजाम दिया है। नकदी और सोने-चांदी के जेवर चोरी कर ले गए। घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस ने जांच पड़ताल की है। पीड़ित ग्रामीणों की ओर से कार्रवाई के लिए तहरीर दी गई है।
इसी गांव के निवासी ओमकार सिंह पुत्र गनपत सिंह ने बताया कि रविवार की रात करीब एक बजे परिवार के सभी सदस्य छत पर सो रहे थे। वह आंगन में सो रहे थे। इसी दौरान चार बदमाश घर में घुसे और संदूक चोरी कर ले जा रहे थे। आहट होने पर आंख खुली तो एक बदमाश ने सिर में ईंट से हमला कर दिया। जिसमें वह घायल हो गए। शोर मचाने पर ग्रामीण एकत्र हुए और बदमाशों का पीछा किया तो वह फायरिंग कर बाइक से भाग गए। बताया कि उनके घर से करीब ढाई लाख रुपये के सोने-चांदी के जेवर और अन्य सामान चोरी हुआ है।
वहीं दूसरी घटना इसी गांव निवासी राजेश पुत्र गंभीर सिंह के घर हुई। राजेश ने बताया कि शोर मचने पर उनके घर में जाग हो गई। इसी दौरान चोरी होने की जानकारी मिली। पीड़ित ने बताया कि उनके घर से एक लाख रुपये की नकदी समेत और सोने-चांदी के जेवर चोरी हुए हैं। करीब दो लाख रुपये का नुकसान बताया है। पीड़ित ग्रामीणों ने पुलिस को तहरीर दी। जिसके आधार पर पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज की है। कोतवाल पंकज लावानियां ने बताया कि गांव शंकरपुर निवासी महीपाल और उसके साथियों के खिलाफ चोरी की रिपोर्ट दर्ज की गई है। आरोपियों की तलाश की जा रही है।