बबराला-गवां मार्ग पर शनिवार की रात्रि चोरों ने एक हार्डवेयर और मेडिकल स्टोर को निशाना बनाया। चोर हार्डवेयर की दुकान से 25 हजार रुपये और मेडिकल स्टोर से 8500 रुपये चोरी करके ले गए। सुबह में घटनाओं की जानकारी हुई। जिसकी तहरीर पुलिस को देकर कार्रवाई की मांग की गई है।
रजपुरा निवासी सुशील रजपुरा में गवां-बबराला मार्ग पर मेडिकल स्टोर चलाते हैं। पड़ोस में ही कपिल कुमार की हार्डवेयर की दुकान है। चोर छत के सहारे अंदर दाखिल हो गए। जिसके बाद चोरी की वारदात को अंजाम दिया। रविवार की सुबह जब दुकान स्वामी दुकानों पर पहुंचे तो चोरी होने की जानकारी हुई। आयरन स्टोर संचालक कपिल कुमार ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि चोर गल्ले में रखे 25 हजार रुपये की नकदी चोरी करके ले गए। वहीं सुशील कुमार के मेडिकल स्टोर से 8500 रुपये की नकदी चोरी कर फरार हो गए। थाने के इंस्पेक्टर कुलदीप सिंह ने बताया तहरीर मिली है। घटना स्थल पर पुलिस भेज कर जांच कराकर कार्रवाई की जाएगी।