चंदौसी। कोतवाली क्षेत्र के घंटाघर पर कुछ युवकों ने पिलंबर को पीटकर घायल कर दिया। घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल युवक को उपचार के लिए सीएचसी में भर्ती कराया। घटना से स्थानीय व्यापारियों में रोष व्याप्त है।
मोहल्ला लोधियान निवासी दीपक बैंक रोड स्थित दुकान पर पानी की टंकी की फिटिंग का कार्य करता है। शनिवार की दोपहर दीपक बैंक रोड पर चाय पीने गया था। तब उसकी कुछ युवकों से कहा सुनी हो गई थी। रविवार की दोपहर करीब दो बजे आरोपी छह युवक बाइकों पर सवार होकर बैंक रोड पर पहुंच गए। दुकान पर बैठ कार्य कर रहे दीपक को युवक घसीटते हुए घंटाघर ले लाए। यहां आरोपियों ने दीपक को जमकर पीटा।
आसपास दुकानदारों ने दीपक को बचाने का प्रयास किया तो आरोपी व्यापारियों पर भी हावी होने लगी और बाद में बाइकों पर सवार होकर फरार हो गए। घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल को उपचार के लिए सीएचसी में भर्ती कराया। घटना की जानकारी होने पर दीपक के परिजन भी मौके पर पहुंच गए।