सिंहपुरसानी।
गांव अशरफपुर निवासी अंशू की हत्या और उसके पिता की आत्महत्या का जिम्मेदार अंशू के दोस्त को बताया है। अंशू के भाई रिंकू ने कार्रवाई के लिए तहरीर दी है। हालांकि पुलिस तहरीर नहीं मिलने की बात कह रही है। रिंकू का आरोप है कि युवक उसकी बहन के नजदीक रहता था। इससे आहत होकर उसके पिता ने बहन की हत्या कर दी और खुद भी जान दे दी। युवक के खिलाफ कार्रवाई की मांग की गई है।
मालूम हो चार फरवरी को राजपाल ने लोहे की रॉड से सिर कुचलकर अपनी 19 वर्षीय बेटी अंशू की हत्या कर दी थी। इसके बाद खुद जहरीले पदार्थ का सेवन कर लिया था। मेरठ में उपचार के दौरान मौत हो गई थी। इस घटना से राजपाल का पूरा परिवार टूट गया है। अब राजपाल के बेटे रिंकू ने इस पूरी घटना का जिम्मेदार गांव के उस युवक को बताया है जिससे अंशू फोन पर बात करती थी।
ऐंचोड़ा कंबोह थाना प्रभारी का कहना है कि तहरीर तो नहीं मिली है। यदि कोई तहरीर मिलती है तो जांच कर कार्रवाई की जाएगी। वहीं दूसरी ओर युवक घटना के बाद से ही गांव छोड़कर भागा हुआ है।