गुन्नौर। रजपुरा थाना क्षेत्र के गांव ईसापुर से 13 जून को लापता हुए युवक के परिजनों ने उसकी हत्या की आशंका जताई है। परिजनों ने डीएम को शिकायती पत्र सौंपकर कार्रवाई की मांग की है। साथ ही पुलिस पर मदद न करने का आरोप लगाया है।
ईसापुर गांव निवासी राजवीर 13 जून की सुबह घर से खेत पर गया था। देर शाम तक घर नहीं पहुंचा तो परिजनों को उसकी चिंता हुई। परिजन उसको खेत पर तलाशने पहुंचे, लेकिन उसका कुछ पता नहीं चला। रिश्तेदारों और परिचितों को भी फोन कर उसके बारे में पूछा गया। युवक के बारे में कोई जानकारी नहीं मिलने से परेशान परिजन थाने पहुंचे। उन्होंने रजपुरा थाने में 16 जून को युवक की गुमशुदगी दर्ज कराई। गुमशुदगी दर्ज होने के बाद पुलिस अभी तक युवक का कोई सुराग नहीं लगा पाई है। अब युवक के छोटे भाई विनीत ने डीएम को पत्र सौंपकर अपने भाई की हत्या होने की आशंका जताई है। उसने गांव के दो युवकों और अपनी भाभी पर हत्या करने का अंदेशा जताया है। आरोपियों के विरुद्ध कार्रवाई करने की मांग की है। साथ ही पुलिस पर मदद न करने का आरोप लगाया है।