सौंधन। कैलादेवी थाना क्षेत्र के गांव भटौला में एक युवक की उसकी पत्नी ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर घर पर ही हत्या कर दी थी। लाश को गांव के बाहर झाड़ियों में डाल दिया और अगले दिन अपने पति के गायब होने की का ड्रामा कर गुमशुदगी थाना कैलादेवी पर दर्ज करा दी। बाद में शव को झाड़ी से निकालकर हसनपुर रोड पर सड़क के किनारे डाल दिया, जिससे कि किसी वाहन से शव कुचल जाए और हत्या सड़क हादसा लगे। पुलिस अधीक्षक चक्रेश मिश्र ने इसका खुलासा करते हुए कहा कि मोटरसाइकिल और धारदार हथियार बरामद किया गया है।
मंगलवार को अपर पुलिस अधीक्षक कार्यालय में हत्या का खुलासा करते हुए पुलिस अधीक्षक चक्रेश मिश्र ने कहा कि कैलादेवी थाना क्षेत्र के गांव भटौला निवासी प्रेमपाल सैनी (35) पुत्र हरिराम सैनी की हत्या उसकी पत्नी वैशाली उर्फ पूजा ने अपने प्रेमी विक्रम के साथ मिलकर की थी। पुलिस ने साक्ष्यों के आधार पर आरोपी महिला और उसके प्रेमी को गिरफ्तार कर लिया है। महिला ने बताया कि उसका पति शराब पीने का आदी था और वह गांव में ब्यूटी पार्लर का काम करती है। पति शराब पीकर आए-दिन मारपीट करता था।
आरोपी महिला ने बताया कि उसका गांव निवासी विक्रम से तीन साल से प्रेम प्रसंग चल रहा है। वह दोनों चोरी-छिपे मिलते रहते थे। एक दिन विक्रम से कहीं लेकर चलने की बात कही थी तो उसने ही प्रेमपाल की हत्या कर रास्ते से हटाने की साजिश रची थी। आरोपी महिला ने बताया कि आठ अप्रैल को प्रेमी ने नशे की गोली और चूहे मार दवाई लाकर दी।
इसके बाद 10 अप्रैल की रात को प्रेमपाल को शराब में नशे की गोली और चूहे मारने की दवाई मिलाकर दी थी। जिसके बाद वह बेहोश हो गया और धारदार हथियार से घर में ही हत्या कर शव गांव के बाहर छिपा दिया था। 11 अप्रैल को संभल-हसनपुर मार्ग पर गुंबद किनारे प्रेमपाल का शव विक्रम ने फेंक दिया था। 12 अप्रैल को वैशाली ने प्रेमपाल की कैलादेवी थाने में गुमशुदगी दर्ज कराई।
13 अप्रैल को जब शव मिला तो कैलादेवी थाना पुलिस ने हत्या की तरमीम कर जांच पड़ताल शुरू कर दी थी। इसी छानबीन के दौरान वैशाली और उसके प्रेमी पुलिस की नजर में आए। सख्ती से पूछताछ करने पर दोनों ने हत्या कर शव को छिपाने की बात कबूल कर ली। आरोपियों को पुलिस ने न्यायालय में पेश किया जहां से जेल भेज दिया गया है।
संभल। पुलिस पूछताछ में प्रेमपाल की पत्नी वैशाली और उसके प्रेमी विक्रम ने बताया कि प्रेमपाल की हत्या करने के बाद शव गांव के बाह झाड़ियों में छिपा दिया था। बाद में साजिश रची कि इस शव को संभल-हसनपुर मार्ग पर फेंक आते हैं। जिससे हत्या को हादसे में बदला जा सके। आरोपी विक्रम शव को उठाकर संभल-हसनपुर मार्ग पर गुंबद के नजदीक तक ले गया लेकिन सड़क पर नहीं फेंक सका और मुख्य मार्ग किनारे ही फेंक कर चला आया। नखासा थाना पुलिस ने पहचान के लिए प्रयास किए तो प्रेमपाल के हाथ पर बने त्रिशूल के निशान से पहचान हो सकी। इसके बाद जो साजिश रची थी वह नाकाम हुई और पुलिस आरोपियों तक पहुंच गई।
संभल। हत्या की रिपोर्ट अज्ञात के खिलाफ दर्ज कर पुलिस ने छानबीन शुरू की। मृतक के भाई ने गांव के लोगों पर पुरानी रंजिश के चलते हत्या करने का आरोप लगाया लेकिन पुलिस की प्राथमिक पड़ताल में वह आरोप सही नहीं लगा। इसलिए गहनता से जांच के लिए स्वाट और सर्विलांस टीम को भी थाना पुलिस के साथ लगाया गया। पत्नी वैशाली पर शक हुआ तो उसके मोबाइल की डिटेल खंगालनी शुरू की। इसी छानबीन में विक्रम से ज्यादा संपर्क रहने की बात सामने आई। छानबीन आगे बढ़ी तो वैशाली और विक्रम के बीच प्रेम संबंध होने की जानकारी मिली। शक होने पर पुलिस ने विक्रम को हिरासत में ले लिया। सख्ती से पूछताछ की तो उसने ही हत्या का राज खोल दिया। जब प्रेमी पकड़ा गया तो वैशाली ने भी कबूल कर लिया। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर खून में सने कपड़े, मोबाइल, बाइक, छुरे आदि।
महिला ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर पति की हत्या की थी। इसका खुलासा थाना पुलिस के साथ स्वाट और सर्विलांस टीम ने किया है। आरोपी महिला और उसके प्रेमी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया जहां से जेल भेज दिया गया है।
-चक्रेश मिश्र, पुलिस अधीक्षक, संभल