संभल। राजस्व टीम ने बृहस्पतिवार को खग्गू सराय में मिले प्राचीन शिव मंदिर के परिक्रमा स्थल और रास्तों की पैमाईश की। नायब तहसीलदार के नेतृत्व में टीम ने मंदिर के आस-पास के क्षेत्र की पैमाइश की और निशान लगाए। प्रशासन जल्द ही मंदिर के आसपास हुए अतिक्रमण को हटवाएगा।
बुधवार को मंदिर पर पूजा करने पहुंचे रस्तोगी समाज के लोगों ने मंदिर के आसपास और परिक्रमा स्थल पर अवैध निर्माण करने का आरोप लगाते हुए अतिक्रमण हटाने की मांग की थी। उनका कहना था कि 46 साल पहले मंदिर के आसपास कुछ नहीं था। रस्तोगी समाज के लोग मंदिर की परिक्रमा करते थे। जबकि कुएं पर पूजन किया जाता था। आरोप लगाया कि दंगे के दौरान समाज के लोगों ने पलायन किया तो दूसरे समाज के लोगों ने जबरन छीनी थीं। मंदिर के आसपास हुए अतिक्रमण से अनजान प्रशासन ने बृहस्पतिवार को गंभीरता दिखाई। नायाब तहसीलदार सतेंद्र चाहर के नेतृत्व में टीम खग्गू सराय पहुंची और मंदिर के आसपास व परिक्रमा स्थल और सड़कों की भी पैमाइश की। करीब डेढ़ घंटे तक टीम ने अतिक्रमण पर निशान भी लगाए हैं।