असमोली (संभल)। गांव चंदपुरा में घर में घुसे बदमाशों ने किसान के परिवार को बंधक बनाकर डकैती डाली। बदमाशों ने घर में रखे सोने के जेवर समेत 8000 रुपये लूट लिए। जाते वक्त भैंस भी खोल ली। हालांकि कुछ दूर जाकर भैंस नहीं चल सकी तो उसे रास्ते में छोड़ गए। घटना की तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की गई है। पुलिस मामले में पड़ताल कर रही है।
असमोली थाना क्षेत्र के चंदपुरा गांव निवासी किसान अत्यंत त्यागी रविवार की रात्रि परिवार के साथ घर में सो रहे थे। मध्यरात्रि में बदमाश दीवार में कूमल लगाकर अंदर घुस गए। इस दौरान परिवार के लोग जागे तो उन्हें नकाबपोश सात हथियारबंद बदमाशों ने बंधक बना लिया। एक कमरे में बंद कर डकैती डाली।
बदमाशों ने घर में रखीं दो सोने की अंगूठी, एक जोड़ी कुुंडल, मंगलसूत्र और दो सोने के चैन समेत 8000 रुपये लूट लिए। इसके बाद भैंस खोल ली और ले जाने लगे। हालांकि कुछ दूरी पर चलकर भैंस रुक गई जिसे बदमाश छोड़कर चले गए। पीड़ित ने बताया कि बदमाशों ने सूचना देने पर जान से मारने की धमकी दी है और जब बदमाशों की ओर देखा तो मारपीट करते हुए कहा कि पहचानने की कोशिश कर रहा है।
बदमाशों के जाने के बाद यूपी 112 पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच पड़ताल की और थाना पुलिस को अवगत कराया। पीड़ित ने कार्रवाई के लिए तहरीर दी है। वहीं दूसरी ओर डकैती की घटना से परिवार में डर का माहौल है।