जिला पंचायत की बोर्ड बैठक में शनिवार को चालू वित्तीय वर्ष समेत आगामी वित्तीय वर्ष की कुल आय व व्यय का ब्योरा रखा गया। वहीं, बैठक में ग्रामीण क्षेत्रों की टूटी सड़कों और छुट्टा पशुओं का मुद्दा भी उठा।
बैठक में एएमए आशीष कुमार सिंह ने बताया कि 2024-25 पुनरीक्षित आय-व्यय एक अप्रैल के शेष को जोड़ते हुए 75.35 करोड़ रुपये की आय और 71.41 करोड़ रुपये व्यय के प्राविधान के आधार पर वर्ष के आखिर में 3.93 करोड़ रुपये बचने का अनुमान है। इसमें 98 लाख रुपये अमानत-जमानत के बाद 2.95 करोड़ रुपये की अनुमानित बचत होगी। उन्होंने बताया कि खर्च होने वाली धनराशि से सदस्यों के प्रस्तावों के आधार पर ग्रामीण अंचलों में नाले-नालियां, पुलियां व सीसी रोड आदि का निर्माण कार्य शामिल है। उन्होंने बताया कि वर्ष 2025-26 का मूल आय-व्यय एक अप्रैल 2025 के अनुमानित शेष के आधार पर तैयार किया गया है।
इनमें 39.86 करोड़ रुपये की आय व 39.08 करोड़ रुपये व्यय का प्राविधान है। वर्ष के आखिर में 31 मार्च 2026 को 67 लाख रुपये अंतिम शेष बचने का अनुमान है। इसमें 56 लाख रुपये अमानत-जमानत के बाद 11 लाख रुपये की बचत होने का अनुमान है। एएमए ने बताया आय व व्यय के बजट को लेकर सदन की सहमति मिली है। संचालन एएमए आशीष कुमार सिंह ने किया। जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. अनामिका यादव समेत सपा विधायक रामखिलाड़ी सिंह यादव व सीडीओ गोरखनाथ भटट तथा अन्य अधिकारी व सदस्य मौजूद रहे।
सीडीओ बोले- समय पर हो समस्या का समाधान
बहजोई। जिला पंचायत की बोर्ड बैठक में अध्यक्ष डॉ. अनामिका यादव व सीडीओ गोरखनाथ भटट के सामने ग्रामीण अंचलों में टूटी सड़कें व छुटटा पशुओं का मुददा प्रमुखता से उठा। सदस्य विजय यादव ने जिले भर में टूटी सड़कों का मुद्दा प्रमुखता से उठाया। उन्होंने बताया कि जलनिगम की ओर से ग्रामीण अंचलों में सड़कें तोड़कर पाइप लाइन डालने का कार्य किया गया था। पाइप लाइन डालने के बाद टूटी सड़कें ठीक न कराने से आए दिन हादसे हो रहे हैं। वहीं, छुटटा पशुओं से होने वाली दिक्कत व ग्राम पंचायतों के संपर्क मार्गों की बदहाली व जलभराव का मुद्दा भी रखा। इसके अलावा सदस्य उमेश यादव ने पोस्टमार्टम हाउस पर बिजली व्यवस्था सुचारू न होने की बात कही। इस पर सीडीओ ने संबंधित अधिकारियों को समय रहते समस्याओं का समाधान कराने की बात कही।