चंदौसी। मोहल्ला लोधियान में मकान की दीवार से सट कर अवैध रूप से ज्यारत का निर्माण करा लिया गया। संपूर्ण समाधान दिवस में आयी शिकायत को एसडीएम ने संबंधित अधिकारी को जांच कर कार्रवाई के आदेश दिए। जांच के बाद शनिवार को तहसील प्रशासन पुलिस और पालिका की जेसीबी के साथ मौके पर पहुंचा और अवैध रूप से बनी ज्यारत को ध्वस्त करा उक्त स्थान को कब्जा मुक्त करा दिया।
सीता रोड निवासी सुभाष चंद्र शर्मा उर्फ मुन्ना ने 18 फरवरी को तहसील में आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस में जिलाधिकारी को संबोधित शिकायती पत्र एसडीएम आशुतोष तिवारी को सौंपा। जिसमें बताया कि उनका मोहल्ला लोधियान में एक मकान है। मकान की दीवार से सट कर सड़क पर एक व्यक्ति ने अवैध रूप से ज्यारत बना ली है। मामले को गंभीरता से लेते हुए एसडीएम ने लेखपाल को जांच के आदेश दिए।
जांच में शिकायत सही पायी गई। इसके चलते शनिवार की शाम चार बजे करीब शहर लेखपाल दानवीर सिंह पुलिस बल और पालिका की जेसीबी के साथ मौके पर पहुंचे और जेसीबी से ज्यारत को ध्वस्त करा दिया। हालांकि किसी प्रकार का कोई विरोध नहीं हुआ। एसडीएम ने बताया कि शिकायत मिली थी, जांच में शिकायत सही पाए जाने पर उक्त निर्माण ध्वस्त करा कर स्थान को कब्जा मुक्त करा दिया गया है।