चंदौसी(संभल)। कोतवाली क्षेत्र के रोडवेज बस स्टैंड पर बुधवार की रात 12 वर्षीय किशोरी संदिग्ध हालत में घूम रही थी। बस स्टैंड पर तैनात कर्मचारी ने जब किशोरी से जानकारी की तो वह स्पष्ट जवाब नहीं दे सकी। घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस किशोरी को कोतवाली ले आई। सूचना देने पर किशोरी के पिता व फैजगंज बेहटा पुलिस कोतवाली पहुंची तो कोतवाली पुलिस ने किशोरी को उनके सुपुर्द कर दिया।
रोडवेज बस स्टैंड पर बुधवार की रात करीब साढ़े नौ बजे 12 वर्षीय किशोरी बैग व थैला लेकर संदिग्ध हालत में घूम रही थी। बस स्टैंड पर रात की ड्यूटी पर तैनात कर्मचारी ने किशोरी से घूमने का कारण पूछा तो उसने मुरादाबाद बस का इंतजार करने की बात कही। कुछ देर बाद जब मुरादाबाद जाने को रोडवेज बस आई तो किशोरी बस में न चढ़कर शहर की ओर चल गई। कुछ दूर जाकर मोहल्ला गोलागंज के एक घर में घुस रात में रुकने की बात कही। अचानक घर में किशोरी को देख परिवार के लोग दंग रह गए। कुछ देर बाद आसपास के लोग भी पहुंच गए।
घटना की सूचना कोतवाली पुलिस को दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस किशोरी व उसके सामान को लेकर कोतवाली पहुंच गई। महिला सिपाही द्वारा पूछताछ करने पर किशोरी ने बताया कि वह बदायूं जनपद के थाना फैजगंज बेहटा में रहती है और दूसरे समुदाय के युवक से प्रेम करती है। वह मंगलवार की रात करीब एक बजे घर से निकल गई। दोनों ने मिलकर घर से भागने की योजना बनाई थी। मगर युवक उसे लेने रोडवेज बस स्टैंड पर नहीं पहुंचा। किशोरी घर से आते समय सोने के जेवर, तीन हजार रुपये की नकदी, बैग व थैले में कपड़े लेकर आई थी। किशोरी के पास से तीन मोबाइल बरामद हुए।
प्रभारी निरीक्षक मुकेश कुमार सिंह ने थाना फैजगंज बेहटा पुलिस व किशोरी के परिजनों से जनसंपर्क किया। देर रात किशोरी के परिजन व थाना फैजगंज बेहटा पुलिस कोतवाली पहुंची तो किशोरी को उनके सुपुर्द कर दिया गया।