बहजोई। रिपोर्ट दर्ज कराने को थाना कैलादेवी के गांव सिसौना निवासी मृतक महिला रामवती के परिजन व ग्रामीण शव लेकर कोतवाली पहुंचे। मामला निजी अस्पताल में प्रसव के बाद हालत बिगड़ने पर महिला की मौत होने का है।
शनिवार को दोपहर पोस्टमार्टम के बाद शव लेकर कोतवाली पहुंचे मृतका के पति चेतराम समेत परिजनों व रिश्तेदारों ने मामले को लेकर रिपोर्ट दर्ज कराने की मांग की। इस पर पुलिस ने शव को कोतवाली से वापस भिजवा दिया। वहीं, मृतका के पति को बुलाकर बातचीत की। इस बीच कोतवाली पर हंगामे की स्थिति रही।
वहीं, दूसरी ओर सीएचसी प्रभारी डॉ. सचिन वर्मा की ओर से पूरे मामले में रिपोर्ट दर्ज कराने के लिए कोतवाली में तहरीर दी है। इसमें बताया गया है कि एलजे नामक निजी अस्पताल में महिला की मौत की सूचना पर सीओ के साथ जांच-पड़ताल की गई थी। इसमें साफ हुआ कि महिला का ऑपरेशन करने वाले चिकित्सक को अनुभव नहीं था। अभिलेखों में दिखाए गए चिकित्सक की ऑपरेशन के समय मौजूदगी नहीं थी। ओटी का संचालन अवैध तौर पर चल रहा था। इसके चलते ओटी सील कर दी गई।
कोट
- घटना को लेकर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच-पड़ताल की थी। पूरे मामले में तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कराई जा रही है।