चंदौसी के मालगोदाम रोड पर निर्माणाधीन पुलिया पर डाला पुराना स्लैब।
- फोटो : CHANDAUSI
नगर में माल गोदाम रोड पर बनाई जा रही पुलिया पर ठेकेदार ने पुराने स्लैब डलवा दिए। आरोप है कि ठेकेदार निर्माण में गड़बड़ी कर रहा है। 12 सौ मीटर सड़क और तीन पुलियों का निर्माण एक करोड़ रुपये की लागत से किया जा रहा है। जिम्मेदार उसके बचाव के पक्ष में उतार आए हैं। जल्द निर्माण को पूरा कराने व पुराने स्लैब पक्के होने का दावा कर रहे हैं। साथ ही भुगतान में से उसकी लागत को काटने की बात कही जा रही है।
चंदौसी में सीओ तिराहे से रेलवे स्टेशन होते हुए सिपाही लाल पेट्रोल पंप तक 1200 मीटर लंबे माल गोदाम रोड का निर्माण, बीच में तीन पुलिया का निर्माण, 50 मीटर सीसी रोड के निर्माण का ठेका नगर पालिका ने दिसंबर 2021 में जारी किया था। इस मार्ग पर करीब 1130 मीटर रोड का निर्माण हो चुका है। 70 मीटर रोड बनने से बाकी है और पुलिया का निर्माण चल रहा है। माल गोदाम रोड पर बीयर बार के पास के पुरानी पुलिया को ठेकेदार ने उखड़वा दिया। पहले यह करीब 15 दिन तक उखड़ी पड़ रही। इसके बाद ठेकेदार ने बीच में पांच मीटर सड़क मार्ग के सामने पुलिया के ऊपर एक छोटा का जाल डालकर स्लैब बना दिया। इसके अलावा पूरे मार्ग पर पुराने स्लैब डाल दिए गए, उन्हीं की मरम्मत की जा रही है। यह स्लैब साइट में टूटे हुए भी हैं। इस पुलिया के ऊपर से रोडवेज बस व माल गोदाम से लोडेड ट्रक भी गुजरते हैं। ऐसे में पुराने व क्षतिग्रस्त स्लैब कभी भी हादसे का कारण बन सकते हैं।
बचाव करते दिखाई दिए ईओ
पुराने स्लैब बहुत मजबूत हैं। नए स्लैब डालकर पुलिया बनाने में अभी 20 से 25 दिनों का समय और लगता। जल्दी के प्रयास में पुराने स्लैब ही डलवा दिए गए हैं। इस मामले की शिकायत डीएम से भी की गई थी। डीएम को भी अवगत करा दिया गया है। नए स्लैब की लागत कम करके ही ठेकेदार का भुगतान किया जाएगा। - राजकुमार, ईओ नगर पालिका चंदौसी