बहजोई। नगर में सड़क किनारे पड़ा भवन निर्माण का मलबा व सामग्री लोगों के आवागमन में मुसीबत बन रहा है। इसके कारण वाहन चालकों समेत आम लोगों को हादसे की आशंका बनी रहती है।
नगर में रेलवे स्टेशन रोड पर मां भगवंतपुरवाली देवी मंदिर के निकट एक निर्माणाधीन भवन के मलबे व सामग्री ने किनारे से आधी सड़क घेर रखी है। मुख्य रास्ता होने के कारण इस अस्थाई अतिक्रमण के चलते मंदिर जाने वाले श्रद्धालुओं समेत रास्ते से होकर गुजरने वाले वाहन चालकों को मुश्किल झेलनी पड़ती है। हादसे का खतरा भी बना रहता है। इसी प्रकार संभल रोड, इस्लाम नगर रोड, बबराला रोड व चंदौसी रोड के रास्तों पर भी सड़क किनारे भवन निर्माण का मलबा व सामग्री अस्थाई अतिक्रमण की वजह बन रहा है। यही हाल नगर में मुरादाबाद-आगरा राष्ट्रीय राजमार्ग पर भी है। सड़क किनारे खड़े बेतरतीव वाहन व विभिन्न प्रकार की सामग्री से अस्थाई अतिक्रमण तो हो ही रहा है और यही अस्थाई अतिक्रमण हादसे का कारण भी बन रहा है। यह हाल तब है जबकि शासन व जिला प्रशासन की ओर से लगातार मुख्य मार्गों समेत गली-मोहल्लों तक की सड़कों से अस्थाई व स्थाई अतिक्रमण हटाए जाने के लिए निर्देश दिए जा रहे हैं। बावजूद इसके पालिका प्रशासन की ओर से रास्तों से ऐसे अतिक्रमण हटाए जाने के लिए गंभीरता नहीं दिखाई जा रही है। पूरे मामले में ईओ ज्ञानेंद्र सिंह का कहना है कि वैसे तो अस्थाई व स्थाई अतिक्रमण करने वालों के खिलाफ पालिका की ओर से नोटिस जारी किए गए हैं। यदि अभी भी लोगों ने सड़कों से निर्माणाधीन भवनों का मलबा व सामग्री नहीं हटाई है, तो इसको चिह्नित कराते हुए रिमाइंडर जारी किया जाएगा। पालिका का प्रयास रहेगा कि सड़कों से अस्थाई व अस्थाई अतिक्रमण को जल्द ही हटवाया जाए, जिससे कि लोगों को आवागमन में मुश्किल न होने पाए।