चंदौसी में महिला विश्व कप के फाइनल में भारतीय क्रिकेट टीम की जीत की खुशियां मनाते व्यापार मंडल
चंदौसी। अखिल भारतीय युवा उद्योग व्यापार मंडल ने भारतीय महिला क्रिकेट टीम की विश्व कप में ऐतिहासिक जीत पर सोमवार को फव्वारा चौक पर जश्न मनाया। इस अवसर पर संगठन के पदाधिकारियों के साथ सैकड़ों क्रिकेट प्रेमियों ने आतिशबाजी छोड़ कर मिठाई का वितरण किया और भारत माता की जय के नारे लगाए तथा देश की बेटियों की इस शानदार उपलब्धि का उत्सव मनाया।
सोमवार को अखिल भारतीय युवा उद्योग व्यापार मंडल के पदाधिकारी एसएम डिग्री कॉलेज परिसर के बाहर सड़क पर एकत्रित हुए। यहां उन्होंने महिला क्रिकेट टीम की विश्व कप में जीत पर जमकर आतिशबाजी की और मिठाई का वितरण किया। इस अवसर पर नगर अध्यक्ष अनुज वार्ष्णेय अन्नू ने बताया कि कि भारतीय महिला क्रिकेट टीम की यह जीत नारी शक्ति और देश की उभरती प्रतिभा का प्रतीक है। टीम की मेहनत और समर्पण ने न केवल भारत का नाम विश्व पटल पर रोशन किया है, बल्कि हर बेटी को नई प्रेरणा दी है।
जिलाध्यक्ष सागर गुप्ता ने कहा कि भारत की बेटियों ने 140 करोड़ देशवासियों का सीना गर्व से चौड़ा कर दिया है। प्रदेश मंत्री शाह आलम मंसूरी ने कहा कि भारतीय खिलाड़ियों ने जिस जोश और जज्बे के साथ विश्व कप जीता है। वह पूरे देश के लिए गर्व का क्षण है।
इस अवसर पर डॉ. टीएस पाल, शुभम अग्रवाल, अभिनव शर्मा, आकाश आहूजा, आशा गोस्वामी, प्रतिभा चौधरी, डॉली शर्मा, आभा रानी, मोनिका वार्ष्णेय, तुषार क्रिस्टल, प्रीति शर्मा, सीमा अग्रवाल, आरती सिंह, रितिक वार्ष्णेय आदि मौजूद रहे।