जुनावई। थाना क्षेत्र में जंगल के रास्ते पर शुक्रवार की सुबह शौच को गए ग्रामीणों ने एक लगभग पच्चीस वर्षीय युवक का शव पड़ा देखा। पुलिस और फॉरेंसिक की टीम मौके पर पहुंची। शव की शिनाख्त नहीं हो पाई। शव के सीने और हाथ पर सनी और नेहा लिखा था। पुलिस ने पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
थाना क्षेत्र के ग्राम दुबारी खुर्द से पूरन पट्टी जाने वाले मार्ग पर शुक्रवार को युवक का शव पड़ा मिला। शव के पास ही दो कपड़ों से भरे बैग भी मिले हैं। पुलिस ने शव के बारे में तहकीकात की तो उसके सीने व एक हाथ पर सनी एवं नेहा लिखा हुआ पाया। तलाशी में मृतक की जेब से गांजे की एक पुड़िया भी बरामद हुई है।
मृतक के के नीचे मिट्टी सूखी हुई पाई गई है। रात्रि 11 बजे हल्की बूंदाबांदी होने से घटना 11 बजे से पहले की मानी जा रही है। मृतक की ठोड़ी पर कटे का निशान होने और चेहरे पर हल्की सी चोट होने के बारे में पुलिस का तर्क है कि युवक खेत की मेड़ पर की गई तारकशी से चोटिल हो गया होगा।
थाना प्रभारी अखिलेश प्रधान ने बताया, नशे की हालत में रास्ता भटकने से इस रास्ते पर पहुंच गया होगा। संभवत: रात में अत्यधिक सर्दी होने के कारण उसकी मौत हो गई होगी। शव की शिनाख्त नहीं हो सकी है। इधर ग्रामीणों ने युवक की हत्या की आशंका भी व्यक्त की है। शव पोस्टमार्टम को भेजा गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में ही युवक की मौत का कारण स्पष्ट हो सकेगा।