संभल। तहसीलदार गुन्नौर ने क्षेत्र के चार अल्ट्रासाउंड सेंटरों का निरीक्षण किया। मौके पर संचालक गायब मिले, वहां तैनात स्टाफ चिकित्सीय प्रमाण पत्र, पंजीकरण आदि कागजात नहीं दिखा पाए। तहसीलदार ने स्टाफ को दो दिन में सभी कागजातों को जांच के लिए उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं।
शुक्रवार को गुन्नौर तहसीलदार चंद्रशेखर वर्मा ने डीएम के निर्देश पर क्षेत्र के अल्ट्रासाउंड सेंटरों की जांच की। उन्होंने जुनावई में एक, गुन्नौर में एक, बबराला में दो अल्ट्रासाउंड सेंटरों की जांच की। निरीक्षण में कही भी उन्हें पंजीकरण व अन्य चिकित्सीय प्रमाण पत्र नहीं मिले। वहां तैनात स्टाफ ने संचालकों के पास ही कागजात होने की बात कही। तहसीलदार ने निर्देश दिए हैं कि सभी संचालक दो दिन में अल्ट्रासाउंड सेंटरों के सभी कागजात उनके पास लाकर जांच अवश्य कराए। दो दिन में कागजात नहीं दिखाने पर उनके विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी।