हयातनगर के राष्ट्रीय कन्या इंटर में मनमानी फीस वसूले जाने और फीस न देने पर छात्राओं को धूप में खड़े किए जाने के मामले की जांच शुरू हो गई। जांच टीम ने शुक्रवार को कॉलेज पहुंचकर शिकायतकर्ताओं के बयान लिए और प्रधानाचार्य और शिक्षिकाओं का पक्ष भी सुना। उन्होंने प्रबंधक और प्रधानाचार्य को तीन दिन में अभिलेख प्रस्तुत करने के निर्देश दिए हैं।
संभल नगर पालिका के सभासद राजकुमार वर्मा ने बतौर अभिभावक 30 अगस्त को संयुक्त निदेशक तथा डीआईओएस से शिकायत थी। इसमें हयातनगर के राष्ट्रीय कन्या इंटर कालेज में प्रबंधक और प्रधानाचार्य पर मनमानी फीस वसूलने और फीस न जमा करने पर छात्राओं को धूप में खड़े किए जाने का आरोप लगाया था।
डीआईओएस विनोद कुमार के आदेश पर शुक्रवार को मामले की जांच करने जांच अधिकारी अभिषेक मिश्रा पहुंचे। शिकायतकर्ता सभासद राजकुमार और सरायतरीन के ही ओमप्रकाश ने जांच अधिकारी को दर्ज कराए बयान में बताया कि प्रबंधक असरदार व्यक्ति हैं इसलिए शिकायतों के बाद भी कार्रवाई नहीं हो रही है। जांच अधिकारी ने साक्ष्य मिलने पर कार्रवाई तय होने की बात कही।
वहीं, प्रबंधक साहू दिनेश चंद्र गुप्ता ने कहा कि कुछ लोग रुपये ऐंठने के लिए अनावश्यक दबाव बना रहे हैं। पहले की भी शिकायतों में आरोपों की पुष्टि नहीं हुई थी। जांच अधिकारी के समक्ष प्रधानाचार्य ने हकीकत स्पष्ट कर दी है।