फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Sambhal News: राज्यमंत्री के आवास के सामने दूसरे दिन भी डटे रहे शिक्षक

विज्ञापन
संभल के चंदाैसी में राज्यमंत्री के कार्यालय के हाल में धरने पर बैठे ​शिक्षकों को समझाते सीओ। सं - फोटो : स्वयं
विज्ञापन
चंदौसी(संभल)। ऑफलाइन स्थानांतरण नहीं होने पर प्रदेश के अधिकांश जनपदों से आए अशासकीय विद्यालयों के शिक्षक-शिक्षिकाएं दूसरे दिन भी माध्यमिक शिक्षा राज्यमंत्री स्वतंत्र प्रभार गुलाब देवी के आवास के बाहर धरने पर डटे रहे। उनके कार्यालय के हाल में धरना प्रदर्शन किया। पुलिस के अधिकारी बार-बार धरना स्थल का जायजा लेते रहे। सुरक्षा के मद्देनजर पुलिस और पीएसी तैनात कर दी गई है। बता दें कि सात जून तक अशासकीय माध्यमिक विद्यालयों के शिक्षक-शिक्षिकाओं के स्थानांतरण को लेकर ऑनलाइन और ऑफलाइन आवेदन किए गए थे। 27 जून तक सभी के स्थानांतरण की सूची जारी करने की बात सामने आई लेकिन उस समय ऑनलाइन आवेदन करने वाले शिक्षकों के स्थानांतरण कर दिए गए। ऑफलाइन के आवेदनों पर रोक लगा दी गई।
विज्ञापन

बृहस्पतिवार की सुबह 10 बजे करीब प्रदेश के विभिन्न जनपदों से करीब 100 से 150 शिक्षक-शिक्षिकाएं माध्यमिक शिक्षा राज्यमंत्री गुलाब देवी के आवास पर पहुंचे और उनके आवास का घेराव कर आवास के बाहर सड़क पर ही धरने पर बैठ गए। राज्यमंत्री गुलाब देवी ने शासन स्तर से रोक लगाए जाने की बात कह कर वहां से चली गईं और उसी रात लखनऊ के लिए प्रस्थान किया। पुलिस ने शिक्षकों को सड़क से हटा कर राज्यमंत्री के कार्यालय के हाल में बिठा दिया। शिक्षक अपनी मांग को लेकर अड़े रहे और रात वहीं गुजारी। शुक्रवार को दूसरे दिन भी शिक्षक धरने पर डटे रहे। शिक्षकों का कहना है कि जब स्थानांतरण सूची जारी नहीं हो जाती तब तक वह यहां से नहीं हटेंगे।
सुबह से ही मौके पर पीएसी तैनात कर दी गई। सीओ मनोज कुमार और प्रभारी निरीक्षक मोहित चौधरी मौका मुआयना करते रहे और शिक्षकों से धरना समाप्त करने के लिए जोर देते रहे लेकिन शिक्षक वहीं डटे रहे।
विज्ञापन

इस दौरान शुभेंदु शरण त्रिपाठी अलीगढ, भगवती प्रसाद त्यागी आगरा, राकेश कुमार त्रिपाठी अयोध्या, मनु यादव जौनपुर, सुमनलता बरेली, प्रज्ञा बरेली, नीलम बरेनी, संदीप कुमार श्रोत्रिय बुलंदशहर, सुनील कुमार तोमर मेरठ, राकेश तिवारी झांसी, सौम्या त्रिपाठी गाजियाबाद, प्रियांक यादव मेरठ, उषा एटा, नेहा सक्सेना गाजियाबाद समेत अन्य जिलों के शिक्षक व शिक्षिकाएं मौजूद रहे।

विभिन्न शिक्षक संगठनों ने आंदोलन को दिया समर्थन
आंदोलन में शामिल आगरा के शिक्षक भगवती प्रसाद त्यागी ने बताया कि उनके आंदोलन को विभिन्न शिक्षक संगठनों ने समर्थन दिया है। उत्तर प्रदेश शिक्षक संघ शर्मा गुट के अध्यक्ष सुरेश कुमार त्रिपाठी, ठकुरई गुट के अध्यक्ष डाॅ. उमेश चंद्र त्यागी, पाण्डेय गुट के अध्यक्ष जितेंद्र सिंह पटेल समेत उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षक महासंघ के महामंत्री केडी इलाहाबादी, उप्र माध्यमिक शिक्षक संघ एकजुट के अध्यक्ष सोहनलाल वर्मा, संयुक्त शिक्षक संघ उप्र माध्यमिक के प्रदेश अध्यक्ष राकेश कुमार त्रिपाठी व प्रतिनिधियों ने धरना स्थल पहुंच कर और फोन पर आंदोलन को समर्थन दिया है।

पुलिस पर हॉल की बिजली काटने का आरोप
राज्यमंत्री के आवास के सामने कार्यालय के हाल में धरने पर बैठे अशासकीय माध्यमिक विद्यालयों के शिक्षक-शिक्षिकाओं को शुक्रवार को पुलिस पर हॉल की बिजली काटने का आरोप लगाया। कहा कि पुलिस बार-बार आकर धमकाती रही। ताकि शिक्षक धरना प्रदर्शन समाप्त कर वापस लौट जाएं। दोपहर में कोतवाली मोहित चौधरी दोपहर तीन बजे तक धरना समाप्त करने का अल्टीमेटम देकर चले गए। शाम को सीओ मनोज कुमार, कोतवाल के साथ मौके पर पहुंचे और शिक्षकों को समझाने का प्रयास किया। जब शिक्षक नहीं माने तो हाल की बिजली काट दी गई। हालांकि इनवर्टर से जुड़े एक बल्ब और एक पंखा कुछ देर चलता रहा। इनवर्टर फेल होने के बाद शिक्षकों को गर्मी में बैठना पड़ा। शिक्षकों का कहना है कि वह गर्मी में बैठकर भी रात गुजार लेंगे।
-
शिक्षक बोले: राज्यमंत्री ने दोपहर में दिया था दो घंटे का आश्वासन
शिक्षकों का कहना है कि शुक्रवार को दोपहर डेढ़ बजे करीब लखनऊ से माध्यमिक शिक्षा राज्यमंत्री गुलाब देवी ने फोन पर शिक्षकों से वार्ता की और कहा कि वह उच्चाधिकारियों से इस संदर्भ में बात कर रही हैं। दो घंटे का समय दीजिए लेकिन शाम तक जवाब नहीं मिला। शिक्षकों का कहना है कि वह अपनी मांग पूरी होने के बाद ही यहां से हटेंगे। शिक्षकों का कहना है कि ऑफलाइन स्थानांतरण की अविलंब जारी की जाए। चाहें स्थानांतरण बोर्ड परीक्षा के बाद किए जाएं।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें