बहजोई के गांव खजरा-खाकम के संपर्क मार्ग में टूटी पड़ी सड़क।
- फोटो : CHANDAUSI
बहजोई। संभल कर चलिए आप बहजोई में हैं। संभल कर इसलिए कि यहां की खस्ताहाल गुड्ढायुक्त सड़कें आपके सुहाने सफर को दर्द भरा बना सकती हैं। बहजोई ब्लॉक क्षेत्र में कई संपर्क मार्गों की सड़कें अपनी बदहाली पर आज भी आंसू बहा रही हैं। अफसरों की लापरवाही शासन की गड्ढा मुक्त सड़कों की मंशा पर पानी फेर रही है।
बीते महीनों में शासन की ओर से लगातार सड़कों को गड्ढा मुक्त किए जाने की कवायद की जा रही है। इसके बावजूद जिले के अफसरों की लापरवाही नगरों व ग्रामीण अंचलों की सड़कों को गड्ढा-मुक्त कराने में बाधा बन रही है। इसके चलते अभी तक बहजोई ब्लॉक क्षेत्र के कई संपर्क मार्ग खस्ताहाल हैं। इनमें बहजोई-मदारा, खजरा-सादातबाड़ी, बहजोई-रमपुरा आदि संपर्क मार्गों की सड़कें गड्ढों में तब्दील हो गईं हैं। इनके अलावा अन्य संपर्क मार्गों की हालत भी बहुत खराब है।
बारिश के दिनों में सड़क में बने इन गड्ढों में पानी से भरने से हादसों का खतरा और बढ़ जाता है। वहीं, मिनटों का सफर घंटों में तय होता है। वाहन चालक और यात्री जान हथेली पर रखकर सफर करते हैं। यह हाल तब है जब बीते दिनों आयोजित की गईं बैठकों में जिले के नोडल अधिकारी समेत जिलाधिकारी की ओर से मुख्य मार्गों व संपर्क मार्गों की खस्ताहाल सड़कों की मरम्मत कराने के निर्देश दिए गए हैं। लेकिन संबंधित अधिकारी इस ओर से आंखें मूंदे बैठे हैं। शायद उन्हें किसी बड़े हादसे का इंतजार है।