संभल। चंदौसी मार्ग पर फाउंटेन पार्क के पास स्विफ्ट कार ने ऑटो में टक्कर मार दी। हादसे में दो महिलाओं सहित आठ लोग घायल हो गए। ऑटो सवार लोग संभल से चंदौसी की तरफ जा रहे थे। घायलों को निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। पुलिस ने ऑटो और स्विफ्ट कार को कब्जे में ले लिया।फाउंटेन पार्क के पास बृहस्पतिवार को सुबह करीब 10 बजे संभल की ओर से जाते ऑटो को चंदौसी की तरफ आई स्विफ्ट कार ने टक्कर मार दी। कार में महिला सहित दो लोग सवार थे। हादसे में ऑटो सवार बिसौली के संग्रामपुर के शाहिद अली, सरायतरीन के मोहल्ला मनिहार वाला के शम्सुल हसन, मूंढापांडे की इंदिरावती, दीपा सराय के मोहम्मद जमशेद, तिमरदास सराय के जानशीन, लहरा कमंगर के इरशाद, चंदौसी की फरजाना, मोहम्मदपुर टांडा के ऑटो चालक अंकुर घायल हो गए।
हादसा होता देख आसपास के लोग दौड़कर मौके पर आ गए। टक्कर इतनी तेज थी कि ऑटो पुलिया के ऊपर चढ़ गया। हादसे में कार और ऑटो भी क्षतिग्रस्त हो गए। लोगों ने हादसे की सूचना पुलिस को दी। पुलिस ने मौके पर आने के बाद घायलों को चंदौसी मार्ग पर निजी अस्पताल में भर्ती कराया। जहां घायलों का उपचार शुरू हुआ। कोतवाल गजेंद्र सिंह ने बताया कि दोनों वाहनों को कब्जे में ले लिया है।