ओबरी। विद्युत उपकेंद्र टांडाकोठी के 22 गांवों में 24 घंटे आपूर्ति ठप रही। इस दौरान भीषण गर्मी से लोग बिलबिला उठे। मंगलवार दोपहर में गायब हुई बिजली बुधवार शाम चार बजे के बाद सुचारू रूप से चालू हो सकी। इसके बाद लोगों ने राहत की सांस ली।
मंगलवार को चार बजे के करीब आंधी-बारिश ने संभल मुख्य बिजलीघर से टांडाकोठी विद्युत उपकेंद्र को जोड़ने वाली उच्चशक्ति की लाइन के तीन खंभे टूट गए। जिससे उपकेंद्र से जुड़े मतावली पट्टी जग्गू, मतावली पट्टी परशुराम, खासपुर, मुबारकपुर बंद, मढन, सैदपुर जयराम, सीढल माफी, डयौंढी, बुकनाला, बेला, हीरापुर, शफातनगर, हरसिंहपुर समेत 22 गांवों की बिजली आपूर्ति ठप हो गई।
विद्युत कर्मियों ने मंगलवार की रात्रि विद्युत आपूर्ति को सुचारु करने की कोशिश की लेकिन खंभे न लग पाने के कारण आपूर्ति सुचारु नहीं हो सकी। जिससे उपभोक्ताओं को भीषण गर्मी में 24 घंटे तक पसीना बहाना पड़ा। 35 डिग्री तापमान के बीच पानी की किल्लत से जूझते नजर आए। जिससे पशु भी अछूते नहीं रहे। बुधवार शाम चार बजे के बाद आपूर्ति बहाल हो सकी।