रामपुर। राजकीय महिला स्नातकोत्तर महाविद्यालय में स्वतंत्रता संग्राम सेनानी सुभाषचंद्र बोस की जयंती मनाई गई। इस मौके पर सड़क सुरक्षा जागरूकता माह के तहत मानव शृंखला बनाई गई। इसके साथ शपथ ग्रहण और रैली भी निकाली गई। कार्यक्रम रोड सेफ्टी क्लब, राष्ट्रीय सेवा योजना और रेंजर के संयुक्त तत्वावधान में हुआ।
महाविद्यालय की प्राचार्य प्रो. डॉ. सुनीता जायसवाल ने कहा कि सड़क सुरक्षा जागरूकता बहुत आवश्यक है। भारत में पूरे साल 1.25 लाख से ज्यादा मृत्यु हो रही है। इसे रोकने के लिए जरूरी है कि हम लोग को सड़क सुरक्षा से संबंधित अपने अधिकार-कर्तव्य को समझें। उन्होंने कहा कि सड़क दुर्घटना में घायल व्यक्ति की मदद के लिए सदैव तत्पर रहना चाहिए। रोड सेफ्टी क्लब के संयोजक डॉ. मोहम्मद कासिम ने कहा कि परिवहन नियमों का कड़ाई से पालन करना चाहिए। बाइक चलाते समय स्वयं और पीछे बैठे व्यक्ति को हेलमेट अवश्य पहनना चाहिए।
विज्ञापन
डॉ. प्रीतिलता ने कहा कि तेज रफ्तार से वाहन नहीं चलाना चाहिए। गलत दिशा में वाहन नहीं चलाना चाहिए। वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का प्रयोग न करें और न ही नशे की हालत में वाहन चलाएं।
इस दाैरान रोड सेफ्टी क्लब के सदस्य डॉ. वंदना राठौर, डॉ. मनोरमा चौहान, योगेश चंद्र के साथ महाविद्यालय के अध्यापक प्रो. निशात बानो, डॉ. रजिया परवीन, डॉ. अंकिता, डॉ. नरेंद्र सिंह आदि मौजूद रहे।