रामपुर। राजकीय मुर्तजा इंटर कॉलेज में बृहस्पतिवार को स्वीप कार्यक्रम के अंतर्गत तहसील स्तरीय मेहंदी व पोस्टर प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। जिसमें सदर तहसील के 102 छात्र-छात्राओं ने भाग लिया। नोडल शिक्षिका पारुल के निर्देशन में प्रतियोगिता हुई। मेहंदी प्रतियोगिता में पहले स्थान पर राजकीय मुर्तजा इंटर कॉलेज की कक्षा 12 की छात्रा वर्षा, दूसरे स्थान पर कन्या इंटर कॉलेज खारी कुआं की मुस्कान और जुल्फिकार बालिका इंटर कॉलेज की जया ने तीसरा स्थान प्राप्त किया।
इसके बाद तहसील स्तरीय पोस्टर प्रतियोगिता हुई। इसमें पहले स्थान पर शमसी गर्ल्स इंटर कॉलेज की 10 वीं छात्रा जन्नत बी रहीं। दूसरे स्थान पर सेंट मेरी सीनियर सेकेंडरी स्कूल की छात्रा अगरिया राय और राजकीय जुल्फिकार बालिका इंटर कॉलेज की कक्षा 10वीं की छात्रा प्राची ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।
मेहंदी प्रतियोगिता के निर्णायक नीरज ठाकुर, सुनीता देवी, नईम रहे। पोस्टर प्रतियोगिता के निर्णायक मंडल में सुमरनी, नाजिया, समरन खान रहे। कार्यक्रम के अंत में प्रधानाचार्य योगेंद्र पाल सिंह ने प्रथम, द्वितीय, तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले छात्र-छात्राओं को प्रमाणपत्र देकर सम्मानित किया। इस अवसर पर अंकुर दयाल, बृजेश कुमार आदि मौजूद रहे।