चंदौसी (संभल)। नगर के मोहल्ला कुरैशियान में रास्ता खाली कराने की कोशिश के दौरान दो पक्ष आमने-सामने आ गए। दोनों के बीच जमकर पथराव हुआ। पथराव के बीच किसी ने फायरिंग कर दी, जिससे मोहल्ले में अफरा तफरी मच गई। पुलिस के पहुंचने तक हमलावर तेवर अपनाने वाले तितर-बितर हो गए। सीसीटीवी कैमरों की रिकॉर्डिंग से चेहरे पहचान कर पुलिस ने आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
इस मामले में मोहल्ला कुरैशियान निवासी दानिश ने पुलिस को दी तहरीर में कहा है कि उसकी बहन की सोमवार को बरात आनी है। गली में पड़ोसी निशात के घर के बाहर सीमेंट व ईंट के रोडे़ से भरे कट्टे रखे हुए हैं। दानिश ने बरात आने का हवाला देते हुए निशात के परिजनों से इन कट्टों को हटवाने के लिए कहा।
मोहल्ले के लोगों ने बताया कि गली का रास्ता खाली कराने की इस कोशिश के बीच दोनों में कहासुनी होने लगी। इस पर दोनों ओर से लोग जुट गए। उनके बीच पहले मारपीट हुई और फिर पथराव शुरू हो गया। मकान की छतों पर मौजूद परिजनों ने भी पत्थर बरसाए। इस बीच किसी ने फायरिंग कर दी। फायर की आवाज से अफरा तफरी मच गई। पथराव व फायरिंग की सूचना पर सीओ गोपाल सिंह, एसएसआई संजय सिंह फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे लेकिन तब तक लोग तितर-बितर हो चुके थे।
पुलिस ने मोहल्ले में लगे कैमरों की फुटेज देखी। पुलिस का कहना है कि पथराव करते लोगों के चेहरे पहचान लिए गए हैं। उनकी तलाश में दबिश दी जा रही है। दानिश ने तहरीर दी है, जबकि दूसरे पक्ष से अभी कोई शिकायत नहीं मिली है। पथराव में घिर कर कोई घायल नहीं हुआ है। गली में खड़ी दो बाइकें क्षतिग्रस्त हुई हैं।
फुटेज में नजर आया सीसीटीवी कैमरा तोड़ता युवक
मोहल्ले में लगे कैमरों की फुटेज में एक युवक डंडे से दानिश के घर के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरे को तोड़ते हुए भी दिखाई दिया। पुलिस उसे तलाश रही है।
बरात के दौरान सुरक्षा की मांग
दानिश के परिजनों ने पुलिस से सुरक्षा की मांग की है। उनका कहना है कि सोमवार को बरात आएगी। आशंका जताई है कि बरात के समय दूसरा पक्ष किसी तरह का विवाद खड़ा कर सकता है।
कुरैशियान मोहल्ले में रास्ता खाली कराने को लेकर विवाद में पथराव व फायरिंग हुई है। किसी को चोट नहीं आई है। इस मामले में एक पक्ष की ओर से तहरीर मिली है। दूसरा पक्ष फरार है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है। सीसीटीवी फुटेज से चेहरे पहचानकर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
गोपाल सिंह, सीओ चंदौसी