चंदौसी के मोहल्ला कुरैशियान में रास्ता खाली कराने को लेकर दो पक्षों में विवाद होने पर जमकर पथराव हुआ। एक पक्ष ने फायरिंग की। घटना से मोहल्ले में अफरा-तफरी मच गई। पथराव की घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। पुलिस फुटेज देखकर आरोपियों की तलाश में दबिश दे रही है। एक पक्ष ने पुलिस को तहरीर दी है।
चंदौसी के मोहल्ला कुरैशियान निवासी दानिश की बहन की सोमवार को बरात आनी है। गली में ही पड़ोसी निशात के घर के बाहर सीमेंट व ईट के रोडे से भरे कट्टे रखे हुए हैं। दानिश ने बरात आने का हवाला देते हुए इन कट्टों को हटवाने की बात कही। कट्टे हटाने को लेकर दोनों पक्षों में कहासुनी हो गई। अन्य परिजनों के आने पर बात आगे बढ़ गई और मारपीट शुरू हो गई। दोनों पक्षों ने पथराव शुरू कर दिया। अन्य परिजनों ने मकान की छत से भी पथराव किया।
इस दौरान किसी ने फायरिंग कर दी। फायर की आवाज सुनकर मोहल्ले में अफरा तफरी मच गई। पथराव व फायरिंग की सूचना पर पुलिस भी मौके की ओर दौड़ पड़ी। सीओ गोपाल सिंह, एसएसआई संजय सिंह ने मौके पर पहुंचकर घटना की जानकारी ली। घटनास्थल के पास लगे सीसीटीवी कैमरे की फुटेज देखी। सीसीटीवी कैमरे में दोनों पक्ष पथराव करते दिखाई दे रहे हैं। दानिश ने पुलिस को तहरीर दी है। तहरीर में रास्ता खाली करने की बात कहने पर मारपीट करने, पथराव करने व फायरिंग करने का आरोप लगाया है। दूसरे पक्ष की ओर से अभी कोई शिकायत नहीं की गई।
फायरिंग से गली में पसरा सन्नाटा
मोहल्ला कुरैशियान में विवाद के दौरान जमकर पथराव हुआ। इससे अफरा-तफरी मच गई। इसके बाद फायरिंग की आवाज सुनकर लोग घरों में दुबक गए। गली में सन्नाटा पसर गया। बाद में पुलिस के पहुंचने पर लोग घरों से झांकते दिखाई दिये।
सीसीटीवी कैमरे तोड़ा, दो बाइकों में मामूली नुकसान
दाशिन के घर के बाहर सीसीटीवी कैमरे लगे हुए हैं। विवाद के बाद एक युवक डंडे से सीसीटीवी कैमरे तोड़ते हुए दिखाई दे रहा है। पथराव के दौरान गली में खड़ी दो बाइकें भी मामूली रूप से क्षतिग्रस्त हुई हैं।
बरात के दौरान सुरक्षा की मांग की
दानिश के परिजनों ने पुलिस से सुरक्षा की मांग की। कहा कि सोमवार को उनकी बेटी की बरात आ रही है। दूसरा पक्ष किसी तरह का विवाद खड़ा न कर दें, इससे सुरक्षा के लिए पुलिस की व्यवस्था की जाए।
कुरैशियान में रास्ता खाली कराने को लेकर विवाद में पथराव व फायरिंग भी हुई है। किसी को चोट नहीं आई है। इस मामले में एक पक्ष की ओर से तहरीर मिली है। दूसरा पक्ष फरार है। दूसरे पक्ष की गिरफ्तारी को लेकर दबिश दी जा रही है, पर वह अभी हाथ नहीं आये हैं। सीसीटीवी फुटेज भी देखी जा रही है। उसी के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
- गोपाल सिंह, सीओ चंदौसी।