संभल के नखासा थाना क्षेत्र के रायसत्ती खेड़ा में पुलिस के बरामद किए गए ट्रैक्टर और पार्ट्स के मामले में रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। आठ लोग नामजद करते हुए सात-आठ अज्ञात आरोपी बनाए गए हैं। पुलिस ने आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया। जहां से जेल भेज दिया गया है।
रविवार को अपर पुलिस अधीक्षक श्रीश्चंद्र फोर्स के साथ रायसत्ती खेड़ा पहुंचे और उन्होंने अलग-अलग चिह्नित किए गए आठ गोदामों को सील करा दिया है। इन गोदामों के अंदर रखे सामान की भी छानबीन की जाएगी। इसलिए सील किए गए हैं। अपर पुलिस अधीक्षक ने बताया कि छानबीन की जा रही है कि चोरी के ट्रैक्टर कहां कहां खपाए गए हैं। अभी तक जो आरोपी प्रकाश में आए हैं उनको गिरफ्तार कर लिया गया है। आगे की कार्रवाई जारी है।
अपर पुलिस अधीक्षक ने बताया कि आरोपियों ने पूछताछ में बताया है कि वह वह चोरी के ट्रैक्टर कम कीमत में खरीदते हैं। उसके बाद पार्ट्स निकाल लेते हैं। इन पार्ट्स के इस्तेमाल से जनरेटर बनाते हैं। जनरेटर पर नामचीन कंपनी का स्टीकर लगाते हैं। जो लोग खरीदने आते हैं तो वह कंपनी का ही जनरेटर समझकर ले जाते हैं। इसके फर्जी दस्तावेज भी तैयार करते हैं। बताया कि दो ट्रैक्टर भी मौके से बरामद हुए हैं। जिनके दस्तावेज नहीं थे।