चंदौसी/कुढ़फतेहगढ़। थाना कुढ़फतेहगढ़ क्षेत्र के गांव बेरनी में शनिवार शाम जमीन की पैमाइश के दौरान दो पक्षों में विवाद हो गया। इसके बाद रविवार की सुबह बिचेटा चौराहा पर दोनों पक्ष आपस में भिड़ गए। मारपीट में दोनों पक्षों के चार लोग घायल हो गए। पुलिस ने घायलों को सीएचसी में भर्ती कराया। पुलिस ने दोनों पक्षों के नौ लोगों के विरुद्ध शांतिभंग की कार्रवाई की है।
गांव बेरनी निवासी सत्यपाल सिंह पक्ष की ओर से शनिवार को संपूर्ण समाधान दिवस में गांव में लगे निजी नलकूप को ग्राम समाज की भूमि पर लगा होने की शिकायत की थी। शाम को राजस्व विभाग की टीम ने मौके पर जमीन की पैमाइश की तो निजी नलकूप रनवीर सिंह की जमीन पर पाया गया। इस दौरान दोनों पक्षों में कहासुनी के बाद गालीगलौज हुई। तब ग्रामीणों ने दोनों पक्षों में समझौता करा दिया था।
रविवार सुबह रनवीर सिंह बिचेटा चौराहा स्थित अपना मेडिकल स्टोर खोलने पहुंचे तो दूसरे पक्ष के लोग मौके पर पहुंच कर मारपीट शुरू कर दी। मारपीट में दोनों पक्षों के रनवीर, देवपाल, रविंद्र व सत्यवीर सिंह घायल हो गए। एक पक्ष के रनवीर सिंह ने गांव के धनराज उर्फ नन्हे, सत्यवीर, शनि व राजेश व दूसरे पक्ष के सत्यवीर ने नरवेश, रनवीर उर्फ टिंकू, रविंद्र के विरुद्ध थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है। पुलिस ने दोनों पक्षों के लोगों के खिलाफ शांतिभंग में चालान करने के बाद 107/116 के तहत कार्रवाई की है।