गंगा में डूबकर हुई युवक की मौत पर विलाप करते परिजन। अमर उजाला
- फोटो : अमर उजाला
पूर्व प्रधान का बड़ा बेटा गंगा में स्नान करते वक्त डूब गया। छोटे भाई ने इसकी सूचना परिजन और पुलिस को दी। पुलिस ने गोताखोरों की मदद से तीन घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद शव को बाहर निकलवाया। युवक की मौत से परिजनों में कोहराम मचा है।
रजपुरा थाना क्षेत्र के गांव कहरोला गर्बी के पूर्व प्रधान रामकिशोर यादव का बेटा पुष्पेंद्र कुमार (18) व जुगल किशोर (15) रविवार को थाना क्षेत्र के गांव जिजोड़ा के निकट गंगा किनारे स्थित अपने खेतों में घूमने गए थे। तेज गर्मी होने के कारण पुष्पेंद्र गंगा में स्नान करने लग गया। जबकि जुगल किशोर गंगा किनारे बैठ गया।
देखते ही देखते अचानक पुष्पेंद्र गंगा में डूब गया। भाई को डूबते हुए देख वह बचा नहीं सका। उसने फोन से परिजनों को सूचना दी। जिसके बाद परिजनों ने मदद के लिए पुलिस को सूचना दी। आसपास के ग्रामीण भी उसे निकालने के लिए गंगा तट पर पहुंच गए, लेकिन एक घंटे बाद भी उसका कोई सुराग नहीं लगा। जिसके बाद प्रभारी निरीक्षक रजपुरा ने राजघाट से गोताखोरों को बुलाया।
उन्होंने तीन घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद किशोर के शव को गंगा से निकाला। युवक की मौत से परिजनों में कोहराम मचा हुआ है। घटना की सूचना पर एसडीएम चंदौसी प्रतिपाल सिंह चौहान, तहसीलदार गुन्नौर संजय कुशवाहा भी गांव पहुंचे। परिजनों से पोस्टमार्टम कराने के लिए कहा लेकिन परिजनों ने पोस्टमार्टम कराने से इंकार कर दिया।