बनियाठेर। अशोक नगर चौराहे पर धान बेच आ रहे किसान के हाथ से दो बदमाशों ने नकदी से भरा थैला छीन लिया और मौके से फरार हो गए। थैले में 5500 रुपये थे। किसान ने मामले की थाने में तहरीर दी थी।
थाना बनियाठेर क्षेत्र के गांव मझावली निवासी किसान दीपक सोमवार की सुबह चंदौसी मंडी समिति में धान बेचने आया था। धान बेचकर किसान ने थैले में पांच हजार रुपये रखे और उन्हें लेकर किसी काम से चंदौसी तहसील की ओर चल दिया। अशोक नगर तिराहे पर पहुंचकर वह लघुशंका के लिए रुका। तभी पीछे से दो लोग पैदल आए और उसका थैला छीनकर भाग गए। उसने काफी शोर मचाया, लेकिन आरोपी हाथ न आए।
पीड़ित किसान दीपक ने बताया कि थैले में पैन कार्ड, आधार कार्ड के अलावा 5500 रुपये थे। पीड़ित ने घटना की तहरीर थाना बनियाठेर में दो अज्ञात लोगों के खिलाफ तहरीर देकर मामले में कार्रवाई की मांग की है।