चंदौसी। वाणिज्यकर विभाग की स्पेशल ब्रांच (एसआईबी) मुरादाबाद की टीम ने शहर के हाथीखाना स्थित राधाकृष्ण ट्रेडर्स पर छापा मारा। फर्म मालिक पांच से सात मिनट तक टीम के साथ रहा। इसके बाद फैक्टरी में बाहर से ताला लगाकर भाग गया। फर्म मालिक के भागने के बाद एसआईबी टीम ने पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पहुंची पुलिस ने पड़ोसी मकान से नीचे सीढ़ी लगाकर टीम को उतरवाया। टीम ने फैक्टरी के कमरों में मोबाइल से वीडियो बनाई। साथ ही मोहल्ले को दो लोगों के बयान दर्ज किए। छापामारी की जानकारी होने पर भाजपाई व व्यापारी नेता पहुंच गए। व्यापारी कच्ची पीतल खरीदकर उसके बर्तन बनाकर बेचने का कार्य करता है।
मंगलवार की दोपहर करीब एक बजे मुरादाबाद एसआईबी के असिस्टेंट कमिश्नर रविंद्र सिंह ने अपनी टीम के साथ हाथीखाना स्थित राधाकृष्ण ट्रेडर्स की फर्म पर छापा मारा। फर्म व मकान एक ही है। यहां फर्म स्वामी विपिन वर्मा से एसआईबी टीम ने जानकारी की। फर्म स्वामी टीम के साथ पांच से सात मिनट तक ही रहा। इसके बाद टीम के आपस में बातचीत करने के दौरान फर्म के गेट में ताला लगाकर भाग गया। इसके बाद टीम ने कोतवाली पुलिस को सूचना दी।
कुछ देर बाद मौके पर पुलिस भी पहुंच गई। पुलिस ने फर्म के पड़ोस में गौरव चतुर्वेदी के मकान से टीम को फर्म में सीढ़ी से उतरवाया। फर्म में पहुंच टीम ने मोबाइल से वीडियो बनाई। एसआईबी टीम के छापे की जानकारी होने पर भाजपा नेता व व्यापारी नेता भी मौके पर पहुंच गए। उन्होंने टीम का सहयोग करने के लिए फर्म स्वामी को बुलाने का काफी प्रयास किया। लेकिन वह मौके पर नहीं पहुंचा। इसके एसआईबी टीम वापस चली गई। फर्म स्वामी कच्ची पीतल खरीदकर उनके बर्तन बनाकर बेचता है। इस दौरान भाजपा नेता गिरीश रतन, मनोज दिवाकर, तरुण नीरज, व्यापारी नेता अरविंद गुप्ता, विनय सराफ, शुभम अग्रवाल, पारस अग्रवाल आदि मौजूद रहे।
::::
आपसी रंजिश के चलते किसी व्यक्ति ने फर्म स्वामी की शिकायत लखनऊ एसआईबी पोर्टल पर की थी। शिकायत के आधार पर टीम जांच करने पहुंची थी। जिन बिन्दुओं को लेकर शिकायत की गई तो जांच के दौरान वैसा कुछ नहीं मिला।
कमलेश प्रसाद वर्मा, एडिशनल कमिश्नर, एसआईबी, मुरादाबाद