संभल। सावन के पहले सोमवार को संभल में 46 साल से बंद मिले कार्तिकेश्वर मंदिर खग्गूसराय समेत प्रमुख शिवालयों में सुबह से ही श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ने की संभावना है। जलाभिषेक के लिए शिवालयों में विशेष सजावट की गई है। श्रद्धालु व्रत रखकर जल, बेलपत्र और दूध अर्पित कर भगवान शिव की आराधना करेंगे। संभल के मुख्य पातालेश्वर महादेव मंदिर सरायतरीन और झारखंडी महादेव मंदिर गुमसानी में भी विशेष तैयारी की गई है।
मंदिरों में भक्तों की सुविधा और सुरक्षा के मद्देनजर विशेष व्यवस्थाएं की गई हैं। जलाभिषेक, रुद्राभिषेक और विशेष आरती की व्यवस्था, लाइन मैनेजमेंट, पेयजल, प्रसाद वितरण आदि इंतजाम किए गए हैं। कार्तिकेश्वर मंदिर खग्गूसराय के महंत रामचंद्र गिरि ने बताया कि सावन माह का पहला सोमवार होने के चलते भीड़ अपेक्षाकृत अधिक रहेगी। दोपहर में 24 कोसीय मासिक परिक्रमा समिति के पदाधिकारियों द्वारा महा रुद्राभिषेक महोत्सव कार्यक्रम है। इसके लिहाज से भी विशेष तैयारी की गई है।