तचंदौसी। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के आदेश पर आनन-फानन में तहसीलदार चंदौसी श्रवण कुमार राठौर को कार्यमुक्त कर दिया। देर रात आए आदेश से उनका तबादला बलिया जिले में कर दिया गया है। हापुड़ से मनोज कुमार सिंह को संभल भेजा गया है। अधिवक्ताओं ने मुख्यमंत्री व राज्यमंत्री का आभार व्यक्त कर मिष्ठान वितरण किया।
मुख्यमंत्री रविवार को मुरादाबाद आए तो राज्यमंत्री गुलाब देवी ने तहसील बार एसोसिएशन के लंबे समय से तहसीलदार श्रवण कुमार राठौर की कार्यप्रणाली को लेकर चलाए जा रहे आंदोलन से उन्हें अवगत कराया। जिस पर उन्होंने तहसीलदार को तत्काल गैर जनपद स्थानांतरित करने के आदेश दिए। जिलाधिकारी ने देर रात ही तहसीलदार चंदौसी को कार्य मुक्त कर दिया।
उप जिलाधिकारी ने बताया कि देर रात जारी हुई 86 तहसीलदारों के तबादलों की सूची में श्रवण कुमार राठौर का तबादला बलिया जिले में कर दिया गया। हापुड़ से मनोज कुमार सिंह को संभल भेजा गया है। तहसील बार एसोसिएशन की तहसील परिसर में आयोजित बैठक में अधिवक्ताओं ने सीएम व राज्यमंत्री का आभार व्यक्त करते हुए एक दूसरे को मिठाई खिलाकर आंदोलन की सफलता के लिए धन्यवाद ज्ञापित किया। इसमें बलराम शर्मा, मनोज सिसौदिया , मनोज यादव, पिंटेश उपाध्याय, इशरत अली, दिनेश यादव, राजेंद्र सिंह, अमर सिंह यादव, शिवओम शर्मा, ओमप्रकाश राणा आदि शामिल रहे। अध्यक्षता अध्यक्ष राजेंद्र कुमार शर्मा ने और संचालन अमर सिंह यादव ने किया।