शाहबाद। भरतपुर गांव में शादी के कार्यक्रम में शामिल होने जा रहे बाइक सवार दो युवकों की बुधवार रात अज्ञात वाहन से टक्कर हो गई। हादसे में रवि (25) की मौत हो गई, जबकि उनका साथी ओमवीर गंभीर रूप से घायल हो गया।
संभल जिले के थाना कुढ़फतेहगढ़ क्षेत्र के सराय ज्वालापुरी गांव निवासी रवि और उनके साथी ओमवीर शाहबाद के भरतपुर गांव में एक वैवाहिक कार्यक्रम में शामिल होने आ रहे थे। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बुधवार रात करीब आठ बजे मंडी के सामने उनकी बाइक की अज्ञात वाहन से टक्कर हो गई। टक्कर के बाद दोनों युवक गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़े।
घायलों को एंबुलेंस से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने रवि को मृत घोषित कर दिया। ओमवीर की हालत गंभीर होने पर उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। पुलिस ने मृतक और घायल के परिजनों को सूचना दे दी है।