संभल। हजरतनगर गढ़ी थाना क्षेत्र के गांव मोम्मदपुर मालिनी रोड पर डंपर ने सड़क किनारे चार विद्युत पोल तोड़ दिए। पोल कार पर गिरे, इससे कार भी क्षतिग्रस्त हुई। लाइन टूटने से चार गांवों की बिजली भी गुल हो गई। लोगों ने बताया कि अवैध खनन करके यह डंपर दिनभर दौड़ते हैं। चालक बेतरतीब संचालन करते हैं, जिससे हादसों का भी डर बना हुआ है।
संभल-मुरादाबाद मार्ग पर आबाद वाली चौराहे से मोहम्मदपुर मालिनी को जाने वाली सड़क के किनारे से हाईटेंशन लाइन गुजर रही है। ग्रामीणों ने बताया कि बुधवार की दोपहर दो बजे के करीब एक डंपर भट्ठे की खाली पड़ी जमीन पर मिट्टी डाल कर आ रहा था। उसके डंपर का जैक उठा हुआ था। जैसे ही वह रोड पर आया, ऊपर से गुजर रही हाईटेंशन लाइन उसकी चपेट में आ गई और डंपर तारों को खींचता हुआ ले गया।
जब तक डंपर के चालक को आभास होता, तब तक चार पोल टूट गए थे। गनीमत रही कि उस समय लाइट बंद थी। वर्ना बड़ा हादसा हो सकता था। इस हादसे में एक कार चपेट में आ गई। उसके चालक अनीस निवासी हरसिंहपुर ने कार से कूदकर जान बचाई। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि डंपर कई दिन से यहां मिट्टी डाल रहे हैं। धड़ल्ले से दौड़ते हैं। इससे डर बना हुआ है।
गाड़ी से कूदकर बचाई जान: अनीस
कार चालक अनीस ने बताया कि वह कार लेकर मंगनपुर की ओर से आ रहा था। आबादवाली चौराहे से मोहम्मदपुर मालिनी जाने वाली सड़क पर डंपर तारों को खींचता हुआ सड़क पर आ रहा था। साइड मिरर में देखा कि पीछे वाला खंभा टूट कर गिर रहा है। पहले गाड़ी आगे निकालनी चाही लेकिन तभी दूसरा पोल टूटता दिखाई दिया। तभी गेट खोल कर गाड़ी से कूद गया और खंभा गाड़ी पर गिर गया।
नहीं हो रही बिजली आपूर्ति
मोहम्मदपुर मालिनी के निवासी रतिभान ने बताया कि खंभे टूटने से लाइट नहीं आ रही है। गांव की लाइट करीब 11 बजे से नहीं आ रही है। इस रोड पर लगातार मिट्टी से भरे हुए डंपर चलते हैं। हर दिन हादसों का डर रहता है। कोई देखने वाला नहीं है। जिसका खामियाजा लोगों को भुगतना पड़ रहा है।
कोट
डंपर से चार पोल टूट गए हैं, जिससे करीब पचास हजार रुपये का नुकसान हुआ है। लाइन टूटने से मोहम्मदपुर मालिनी, धीमरखेड़ी, मंगनपुर और मिठौली की लाइट प्रभावित हुई है। लाइन सही करा रहे हैं। सुबह तक बिजली सुचारु हो जाएगी।
दुर्गपाल, जेई, चिमियावली बिजलीघर