संभल के चंदौसी थाना क्षेत्र के गांव आटा में हाइड्रोफोबिया से पीड़ित छह वर्षीय बच्चे की उपचार के दौरान मौत हो गई। घटना से परिजनों में कोहराम मच गया। पांच अक्तूबर 2021 को घर के बाहर खेलते समय बच्चे को कुत्ते ने काट लिया था। परिजनों ने सीएचसी में रैबीज के इंजेक्शन लगवाए थे।
गांव आटा निवासी सद्दाम का छह वर्षीय बेटा सुभान पांच अक्तूबर को घर के बाहर खेल रहा था, तभी आवारा कुत्ते ने उसे काट लिया। सुभान के रोने की आवाज सुन परिजन मौके पर पहुंचे। बच्चे के पिता सद्दाम ने उसे सात अक्तूबर को चंदौसी सीएचसी में पहला एंटी रैबीज इंजेक्शन लगवाया। इसके बाद चिकित्सक के कहने के अनुसार अन्य इंजेक्शन भी लगवाए।
घटना के पांच माह तक बच्चा ठीक-ठाक रहा लेकिन इसके बाद बच्चे के बाएं हाथ-पैर ने काम करना बंद कर दिया। परिजनों ने चंदौसी में निजी चिकित्सकों को दिखाया। कोई फायदा नहीं होने पर परिजन बच्चे को दिल्ली के कलावती अस्पताल ले गए, वहां चिकित्सकों ने बच्चों को हाइड्रोफोबिया से पीड़ित बताया।
चिकित्सकों ने कहा कि अब बच्चे के ठीक होने की बहुत कम उम्मीद है। 15 दिन अस्पताल में उपचार के बाद परिजन सुभान को घर ले आए और निजी चिकित्सक से उपचार कराना शुरू कर दिया। बुधवार की रात 12 बजे बच्चे ने दम तोड़ दिया। बालक की मौत से परिजनों में कोहराम मच गया। सद्दाम व उसकी पत्नी शबाना व अन्य परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल बना था। सुभान से छोटे दो भाई उस्मान व साजिद हैं।