संभल जिले के नखासा थाना क्षेत्र के एक गांव के जंगल में लकड़ी लेने जा रही कक्षा छह की छात्रा के साथ सामूहिक दुष्कर्म करने का मामला सामने आया है। घटना पंद्रह अगस्त की बताई जा रही है। तहरीर 16 अगस्त को दी गई है।
थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी पीड़ित ने पुलिस को दी तहरीर में कहा था उनकी नाबालिग बेटी पंद्रह अगस्त को जंगल से लकड़ी बीनने के लिए जा रही थी। रास्ते में गांव के ही दो युवकों ने उसे पकड़ लिया और गन्ने के खेत में खींचकर ले गए।
जहां पर उसके साथ दुष्कर्म किया गया। काफी देर तक वह घर नहीं पहुंची तो तलाशते हुए मौके पर पहुंचे। वहां बेटी बदहवास हालत में थी। उसने घटना की जानकारी दी। आरोप लगाया कि आरोपियों ने कार्रवाई करने पर जान से मारने की धमकी दी।
पीड़ित ने बताया कि पुलिस को तहरीर दी गई है। नखासा थाना प्रभारी योगेश कुमार ने बताया कि उन्हें ऐसी किसी भी घटना की जानकारी नहीं है। कोई शिकायत भी थाने में नहीं दी गई है।