संभल। नगर पंचायत सिरसी में साफ-सफाई कार्य के दौरान चार सफाई कर्मचारी गैर हाजिर मिले। वहीं, एक अन्य कर्मचारी इधर-उधर घूमते मिले। जहां सफाई कर्मियों की ड्यूटी लगाई गई, वहां पर गंदगी मिली। गंदगी मिलने और अनुपस्थित पाए जाने के चलते इनका वेतन काटा गया है। वहीं, एक कर्मचारी से स्पष्टीकरण मांगा गया है।
सोमवार की सुबह पांच बजे से आठ बजे के बीच नगर पंचायत के अधिशासी अधिकारी पृथ्वीराज यादव ने साफ-सफाई कार्य का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्हें रविकिशोर, आशीष, सोमपाल, सोहनलाल आंवटित क्षेत्रों में अनुपस्थित मिले। वहीं, विनेश लाल अनावश्यक इधर-उधर घूमते मिले। ईओ ने बताया कि अनुपस्थित मिलने वाले सफाई कर्मियों का एक दिन का वेतन काटा गया है, जबकि इधर-उधर घूमने के मामले में स्पष्टीकरण मांगा गया है। सभी सफाई कर्मियों को शासन के निर्देशानुसार साफ-सफाई कार्य करने के निर्देश दिए गए हैं।