संभल। पानी पीने पर कुछ लोगों ने सफाई कर्मचारी का विरोध किया और जमकर पिटाई की। सफाई कर्मचारी ने इसकी सूचना अपने साथियों को दी। आक्रोशित वाल्मीकि समाज के लोगों ने नखासा चौकी में कार्रवाई को लेकर हंगामा शुरू कर दिया। इस दौरान मोहल्ले के लोग भी पहुंच गए और उन्होंने सफाई कर्मचारी पर प्याऊ में हाथ धोने का आरोप लगाया। जिम्मेदार लोगों ने मामले में हस्तक्षेप कर हंगामा शांत कराया और बाद में समझौता हो गया।
कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला हातिम सराय निवासी सफाई कर्मचारी प्रदीप कुमार कोतवाली क्षेत्र के ही मोहल्ला महमूद खां सराय में ठेके पर सफाई का कार्य करते हैं। गुरुवार की सुबह करीब 10 बजे सफाई कर्मचारी महमूद खां सराय में सफाई कर रहा था। प्यास लगने पर वह मोहल्ले में ही लगे प्याऊ पर पानी पीने लगा।
आरोप है कि लोगों ने पानी पीने का विरोध किया और पीटने लगे। सूचना पर वाल्मीकि समाज के लोग सफाई कर्मचारी को लेकर नखासा चौकी पहुंचे और कार्रवाई की मांग की। वहीं मोहल्ले के लोगों ने बताया कि सफाई कर्मचारी प्याऊ पर हाथ धो रहा था। जिम्मेदार लोगों ने इस मामले में समझौता करा दिया है। कार्यवाहक कोतवाली प्रभारी अजीत सिंह ने बताया कि दोनों पक्षों में समझौता हो गया है। समझौता लिखित में दिया गया है।