संभल। जिले में निवास करने वाले जरुरतमंद व्यक्तियों की बेटियों की शादी के लिए आर्थिक सहायता दी जाएगी। जिला स्तरीय बैठक में 270 व्यक्तियों को पात्र मानते हुए मंजूरी दी गई है। जल्द ही इनके खातों में प्रति लाभार्थी 20000 के हिसाब से धनराशि ट्रांसफर की जाएगी।
जिला समाज कल्याण अधिकारी शैलेंद्र कुमार गौतम ने बताया कि ऑनलाइन आवेदनों की पहले ब्लाक स्तरीय पर जांच हुई। फिर तहसील स्तर पर इनकी जांच पड़ताल हुई। जिसके बाद अनुसूचित जाति/अनुसूचित जनजाति के 35, सामान्य वर्ग के सात, अन्य पिछड़ा वर्ग के 89 और अल्पसंख्यक वर्ग के 139 आवेदन पत्र पात्र पाए गए।
जिला स्तरीय समिति की बैठक में इनको स्वीकृति दी गई है। तीन दिन के अंतराल में प्रति लाभार्थी 20000 रुपये के हिसाब से 54 लाख रुपये की धनराशि ट्रांसफर कर दी जाएगी। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी उमेश कुमार त्यागी समेत जिले के जनप्रतिनिधियों की ओर से उनके प्रतिनिधि मौजूद रहे।
-------