संभल। जिले के सिसौना डांडा गंगा मेले को लेकर यातायात पुलिस ने तीन प्वाइंटों पर रूट डायवर्जन लागू कर दिया है। यह प्वाइंट केसरपुर तिराहा, इंदिरा चौक बबराला और टी प्वाइंट रजपुरा हैं। इन स्थानों पर यातायात पुलिस कर्मियों की ड्यूटी लगाई गई है। यहां से भारी वाहन नहीं जा सकेंगे। यातायात प्रभारी का कहना है कि अमरोहा जिले से सूचना मिलने पर अन्य प्वाइंटों पर भी रूट डायवर्जन किया जाएगा।
अमरोहा जिले के तिगरी धाम और संभल जिले के सिसौना डांडा में कार्तिक पूर्णिमा पर लगने वाले गंगा मेले के दृष्टिगत तैयार रूट डायवर्जन तैयार किया गया है। जिले के यातायात प्रभारी दुष्यंत कुमार ने बताया कि जिले में नौ प्वाइंट बनाए गए हैं। सिसौना डांडा में गंगा मेले के दृष्टिगत केसरपुर तिराहा, इंदिरा चौक बबराला और टी प्वाइंट रजपुरा प्वाइंट से रूट डायवर्जन लागू कर दिया गया है। यह पांच नवंबर को मेले की समाप्ति तक रहेगा।
हालांकि इस अवधि में गंगा स्नान के लिए जाने वाले श्रद्धालुओं के सभी वाहनों को छूट रहेगी, वह संबंधित गंगाघाट तक आसानी से पहुंच सकते हैं। यातायात प्रभारी ने बताया कि अमरोहा जिले से सूचना मिलने पर अन्य प्वाइंटों पर भी रूट डायवर्जन कर दिया जाएगा। वहीं जिन तीन प्वाइंटों पर रूट डायवर्जन किया गया है, वहां सोमवार को यातायात पुलिस कर्मियों ने मुस्तैदी से ड्यूटी की। वाहनों को बदले हुए रूट से निकालने का काम किया।
बताते चलें कि कार्तिक गंगा मेले को लेकर संभल समेत आसपास के जिलों में सड़कों पर भीड़ बढ़ गई है। सीमावर्ती जनपद अमरोहा के तिगरी और बुलंदशहर के अनूपशहर में गंगा मेले का आयोजन किया गया है। संभल के सिसौना डांडा में भी मेला लगा है।