बनियाठेर। तहसील चंदौसी क्षेत्र के गांव मोहम्मदपुर बाबई में सोमवार की शाम तेज बारिश के दौरान मजदूर के मकान की छत भरभरा कर गिर गई। गनीमत रही मजदूर बारिश रुकने के बाद परिवार के साथ कमरे से कुछ समय पहले ही बाहर आया था। जिससे परिवार बाल-बाल बच गया। मलबे में दब कर घरेलू सामान खराब हो गया। अब परिवार खुले में रहने को मजबूर है। ग्रामीणों ने प्रशासन से सरकारी आर्थिक मदद की मांग की है।
गांव मोहम्मदपुर बाबई निवासी रिजवान हैदर ने बताया कि वह मजदूरी कर परिवार का भरण पोषण कर रहा है। गांव में एक कमरे का कच्चा मकान है। सोमवार की शाम चार बजे करीब तेज बारिश आई। वह अपनी पत्नी नशराना और बेटी शकीना के साथ कमरे में था। बारिश रुकने के बाद वह परिवार के साथ कमरे से बाहर आया ही था कि छत भरभरा कर गिर गई। मलबे में घरेलू सामान दब कर खराब हो गया।
पीड़ित का कहना है कि उसके पास एक ही कमरा था। जिसकी छत गिर गई है। अब वह और उसका परिवार खुले में रहने को मजबूर हैं। पीड़ित ने प्रशासन से मौके का निरीक्षण कर उचित मुआवजा एवं आर्थिक सहायता प्रदान करने की मांग की है। एसडीएम आशुतोष तिवारी ने बताया कि मामले की जानकारी मिली है। टीम को मौके पर भेज कर जानकारी कराई जाएगी। उसके बाद आगे की कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।