बनियाठेर थाना क्षेत्र में मुरादाबाद हाइवे पर थाने के पास पीतल नगरी की अनुबंधित रोडवेज बस का पिछला टायर फट गया। धमाके से बस की छत फट गई और बस में सवार दंपती घायल हो गया। परिचालक ने 108 एंबुलेंस की मदद से घायल दंपती को सीएचसी में भर्ती कराया। हालत गंभीर होने पर महिला को हायर सेंटर रेफर कर दिया गया।
मुरादाबाद की चाऊ की बस्ती निवासी पंकज कश्यप अपने पत्नी अन्नू व छह माह के पुत्र अनूप के साथ अपनी ससुराल मुड़िया धुरे की थाना फैजगंज बेहटा जाने के लिए घर से निकले थे। दंपती पीतली नगरी डिपो की अनुबंधित रोडवेज बस में चंदौसी के लिए सवार हो गए। बस जब मुरादाबाद रोड स्थित थाना बनियाठेर के पास पहुंची तो अचानक बस का पिछला टायर फट गया। धमाके की आवाज से बस में चीख पुकार मच गई। परिचालक हर्षवर्धन ने घटना की सूचना 108 एंबुलेंस की दी। महिला को उपचार के लिए सीएचसी में भर्ती कराया। जहां अन्नू के दायें पैर में फैक्चर होने पर उसे हायर सेंटर रेफर कर दिया। जबकि पंकज कश्यप का उपचार सीएचसी में किया गया। बालक अनूक को सही सलामत रहा। हादसे के बाद रोडवेज बस में सवार यात्रियों को अन्य बसों से चंदौसी भेजा गया।