संभल। टेंडर होने के बाद भी दो मुख्य सड़कों का निर्माण कार्य नगर पालिका परिषद की ओर से शुरू नहीं कराया गया है। जबकि लोग खासे परेशान हैं। जो सड़कें खराब हैं वह मुख्य बाजार की हैं। इन सड़कों पर पैदल चलना मुश्किल है।
संभल के शंकर चौराहे से कोतवाली के नजदीक तक सड़क खराब है। बड़े और छोटे गड्ढे हैं। वहीं दूसरी ओर डाकखाना रोड की सड़क मोहल्ला नाला तक खराब है। कीचड़ भी कई जगह रहती है। इन दोनों सड़कों का टेंडर छह महीने से पहले हो चुका है। इसके बाद भी निर्माण कार्य शुरू नहीं किया गया। अधिशासी अधिकारी का दावा है कि ठेकेदार निर्माण कार्य में देरी कर रहा है। वहीं दुकानदारों का कहना है कि गड्ढों के कारण आए दिन लोग चोटिल होते रहते हैं। लोगों के साथ ही दुकानदार भी परेशान हैं। नगर पालिका समस्या को अनदेखा कर रही है।
सड़क में गड्ढे पड़े हुए तीन साल से ज्यादा हो गए हैं। गड्ढे इतने गहरे हो गए हैं कि बाइक सवार अक्सर गिरकर घायल हो जाते हैं। कई बार नगर पालिका को इसकी शिकायत की जा चुकी है। लेकिन कोई भी सुनवाई नहीं होती।
हरदीप सिंह, दुकानदार
पांच साल से ज्यादा हो गए हैं सड़क खराब हुए। दो सालों से सड़क उखड़ गई है। बारिश होती है तो पानी गड्ढों में भर जाता है। जिससे लोगों का निकलना भी मुश्किल हो जाता है।
असगर, निवासी, साहनी वाला फाटक
सड़क का निर्माण शुरू करने के लिए लगातार ठेकेदार को कहा जा रहा है। वह आज कल सड़क निर्माण शुरू करने का हवाला दे रहा है। नोटिस जारी किया गया है। उम्मीद है जल्दी सड़क का निर्माण शुरू हो जाएगा।
रामपाल सिंह, ईओ, नगर पालिका परिषद, संभल