डीएम के आदेश पर बिजली विभाग की टीम पहुंची
नगर के गणेश कालोनी गुलडेहरा रोड के रहने वाले किसान रामबाबू राणा की दो नन्हीं बेटियों विदुषी राणा और महिमा राणा का वायरल वीडियो चर्चा का विषय बन गया। दोनों बहनों ने ये वीडियो अपने मकान से होकर जा रही 15 साल से बंद पड़ी हाईटेंशन लाइन को हटवाने के लिए डीएम को संबोधित करते हुए वायरल की थी।
इसका संज्ञान लेते हुए डीएम के आदेश पर बिजली विभाग की टीम मौके पर पहुंच गई और छत पर लटक रहे बिजली के तारों को काटकर हटा दिया। एसडीओ चंदौसी अजय चौरसिया ने बताया कि विगत कई वर्षों से बंद पड़ी बहजोई की ओर जाने वाली बिजली लाइन अनुपयोगी थी।
रामबाबू राणा की छत के ऊपर से जा रही बिजली लाइन को हटा दिया गया है।बता दें कि गुलडेहरा रोड से होकर बहजोई की ओर जाने वाली हाईटेंशन लाइन पिछले 15 वर्ष से बंद पड़ी है, लेकिन इसे हटाया नहीं गया। पंद्रह साल में यहां दर्जनों की संख्या में मकान बन गए और घनी आबादी हो गई।
दूसरी मंजिल नहीं बनवा पा रहे थे
हाईटेंशन लाइन के तार गुलडेहरा रोड के कई मकानों से होकर जा रहे थे। इतना ही नहीं लोगों ने तारों के ऊपर ही कमरे भी बना लिए हैं। वहीं तीन साल से यहां मकान बना कर रह रहे किसान रामबाबू राणा छत से जा रहे तारों के कारण अपने मकान की दूसरी मंजिल नहीं बनवा पा रहे थे।
इसको लेकर उनकी दोनों बेटियों विदुषी राणा और महिमा राणा ने डीएम को संबोधित एक वीडियो बना कर वायरल कर दिया। इसमें वह डीएम से लाइन हटवाने का आग्रह कर रही थीं।