चंदौसी (संभल)। रिश्वत के लिए बिजली कनेक्शन न देने और एक लाख रुपये लेकर उल्टा किसान पर बिजली चोरी का केस दर्ज कराने के मामले में फैजगंज बेहटा पुलिस ने चंदौसी डिवीजन के एई वीके गर्ग व आशीष कटारिया, जेई अभिषेक सिंह, एसडीओ देहात कुलदीप कुमार और विद्युतकर्मी फारूख कुरैशी, चमनलाल और राजकुमार के खिलाफ कोर्ट के आदेश पर भ्रष्टाचार की रिपोर्ट दर्ज की है।
फैजगंज बेहटा थाना क्षेत्र के गांव औरछी निवासी देवेंद्र शर्मा ने बताया कि उसका नलकूप का कनेक्शन है। जहां पर आटा चक्की लगाने के लिए चंदौसी तहसील उपकेंद्र के जेई अभिषेक सिंह से बिजली कनेक्शन देने के लिए कहा था। जेई ने उससे दो लाख रुपये की मांग करते हुए कहा कि एक लाख रुपये कनेक्शन की फीस होगी। जबकि एक लाख रुपये अलग से देने होंगे।
बीस जून 2021 को जेई व विद्युत कर्मचारी फारुख कुरैशी व राजकुमार यादव उसके गांव पहुंचे तो देवेंद्र ने एक लाख रुपये दे दिए। जबकि एक लाख रुपये से इन्कार कर दिया। आरोप है कि इसके बाद भी जेई और विद्युतकर्मी उससे बार-बार रुपयों की मांग करते रहे। दो जुलाई 2021 की रात 10 बजे जेई अभिषेक ने उसे फोन करके बुलाया। जिसके बाद उसे लेकर नलकूप पर पहुंचे और कोठरी का निरीक्षण किया। किसान का आरोप है कि जेई ने जाते समय एक लाख रुपये न देने पर परिणाम भुगतने की धमकी दी। जिसके कुछ दिन बाद उसे जानकारी हुई कि विद्युत विभाग ने उसके विरुद्ध विद्युत चोरी की रिपोर्ट दर्ज करा दी है।
नलकूप का था कनेक्शन, नियमित करता था बिल जमा
पीड़ित ने बताया कि उसका नलकूप का कनेक्शन था, जिसका वह नियमित बिल भी जमा कर रहा था। बिजली चोरी का मुकदमा दर्ज होने के बाद उसने बिजली विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों के खिलाफ तहरीर दी, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। इसके बाद पीड़ित ने बदायूं सीजेएम न्यायालय शरण ली। न्यायालय ने मामला का संज्ञान लेकर तहसील उपकेंद्र के एई वीके गर्ग व आशीष कटारिया, जेई अभिषेक सिंह, जेई देहात कुलदीप कुमार, विद्युतकर्मी राजकुमार यादव, फारूख कुरैशी व चमनलाल के खिलाफ धारा 420 व भ्रष्टाचार की धाराओं में रिपोर्ट दर्ज करने के आदेश दिए। इसके बाद सभी के खिलाफ फैजगंज पुलिस ने केस दर्ज कर लिया।
-मुकदमा दर्ज होने की जानकारी मिली है। लेकिन अभी तक यह पता नहीं चल सका है कि किस मामले में मुकदमा दर्ज हुआ है। - वीके गर्ग, एई, चंदौसी डिवीजन